पंजाब के बरनाला से पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। देर रात बाइक से पहुंचे तीन नकाबपोश हमलावरों ने उनके पैतृक घर को निशाना बनाया और गेट की तरफ कई राउंड गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें :- वाराणसी में CCTV पर गमछा डालकर बेखौफ चोरों ने की लाखों की चोरी, मचा हड़कंप
फायरिंग की पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सामने आए फुटेज में बाइक पर सवार तीन लोग दिखाई दे रहे हैं। तीनों ने अपने चेहरे ढक रखे थे और घर के बाहर रुकने के बाद लगातार गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं।
घटना के समय घर पर नहीं थे गुलाब सिद्धू
बताया जा रहा है कि फायरिंग के वक्त गुलाब सिद्धू अपने घर पर मौजूद नहीं थे। वह इन दिनों विदेश में हैं, जहां एक गाने की शूटिंग के सिलसिले में गए हुए हैं। पुलिस के मुताबिक गोलीबारी में घर के किसी सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस को शुरुआती जानकारी स्थानीय लोगों से मिली। बताया गया कि रविवार तड़के करीब 1 से 2 बजे के बीच हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान घर की ओर करीब 7 से 8 राउंड फायर किए गए।
गेट को बनाया निशाना, हमलावरों की तलाश में पुलिस
पढ़ें :- Noida News : ग्रेटर नोएडा स्कूल में घुसकर दबंगों ने 12वीं के छात्र को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, सीसीटीवी फुटेज वायरल
हमलावरों की गोलियां घर के गेट के ऊपरी हिस्से में लगीं। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
गुलाब सिद्धू पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े गायक हैं और उन्हें दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के करीबी लोगों में भी गिना जाता है। उनके घर पर हुई इस गोलीबारी के बाद पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि हमलावरों का मकसद क्या था और उन्होंने सिंगर के घर को ही निशाना क्यों बनाया।
फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार तीनों आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।