Sonia Gandhi Interview : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी इन दिनों अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर काफी सुर्खियों में हैं। इस किताब में उन्होंने अपनी निजी ज़िंदगी, परिवार, प्यार और भारत में बिताए छह दशकों के अनुभवों को दर्शाया साझा किया है। जिसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं की प्रतिक्रिया मिल रही है। अब सोनिया ने एक इंटरव्यू में कहा है कि अगर उनके पति राजीव गांधी राजनीति में न आते तो वो जिंदा होते और उनका परिवार एक सामान्य जिंदगी जी रहा होता।
पढ़ें :- सोनिया गांधी ने खोले रिश्तों के राज, 'बिलॉन्गिंग' में लिखा-'इंदिरा जी के गुस्से से बहुत डरती थी...'
दैनिक भास्कर को दिये इंटरव्यू में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बेबाकी से सवालों के जवाब दिये। इस दौरान उनसे सवाल किया गया कि संजय की मृत्यु नहीं हुई होती, तो क्या गांधी परिवार और देश की राजनीति अलग होती? इस पर सोनिया ने कहा, “यकीनन, हां। शायद मेरे पति भी आज एक निजी जीवन जी रहे होते, शायद अभी भी जिंदा होते।” संजय गांधी की मौत के बाद गांधी परिवार में मतभेद को लेकर उन्होंने आगे कहा, “संजय जी की मृत्यु से काफी पहले, उनकी मेनका से शादी के कुछ महीनों बाद ही परिवार का माहौल बदलने लगा था। पहले दोनों भाई काफी वक्त साथ बिताते थे। हम जहां भी जाते, तीनों साथ होते थे। शादी के बाद संजय जी परिवार से कुछ दूर हो गए। उनकी मृत्यु के बाद घर का माहौल और बिगड़ गया।”
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता ने आगे कहा, “मेनका उस समय 23 साल की थीं। इतनी कम उम्र में पति को खोने का सदमा कठिन था। उनकी मां चाहती थीं कि वे सीधे राजनीति में आएं, जबकि इंदिरा जी मानती थीं कि उन्हें कुछ महीने के बेटे वरुण पर ध्यान देना चाहिए। विचारों का यही टकराव दरार की वजह बना, जिसके असर शायद आज तक हैं।” इस दौरान जब इंटरव्यू में सोनिया से पूछा गया कि आपने कभी राजीव गांधी के राजनीति में आने का विरोध किया था? उन्होंने कहा- संजय जी के निधन के बाद मैंने राजीव को राजनीति में आने से रोकने की हर संभव कोशिश की। लेकिन धीरे-धीरे स्पष्ट हो गया कि उनके लिए इससे दूर रहना संभव नहीं था। मैं उनकी दुविधा समझ सकती थी।”
भगवद् गीता का लिया सहारा
राजीव गांधी की हत्या के बाद राजनीति में आने के फैसले पर सोनिया गांधी ने कहा, “राजीव जी की हत्या के बाद मैं राजनीति से और दूर हो गई। मैं सामान्य जिंदगी जीना चाहती थी और बच्चों को सार्वजनिक जीवन की कठिनाइयों से बचाना प्राथमिकता थी। उस त्रासदी से उबरने में मुझे काफी समय लगा। लेकिन वर्षों बाद पार्टी की स्थिति देखकर महसूस हुआ कि जिस विचार और उद्देश्य के लिए मेरे परिवार ने अपनी जान तक कुर्बान की, वह कमजोर पड़ता जा रहा था। ” उन्होंने कहा, ” इस दुविधा से निकलने के लिए मैंने भगवद् गीता का सहारा लिया। गीता ने मुझे सिखाया कि इंसान को परिणाम की चिंता किए बिना अपना धर्म और कर्तव्य निभाना चाहिए। इस विचार ने मेरा डर कम किया, मन को स्पष्टता दी और राजनीति में आने का साहस दिया।”