सुल्तानपुर। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में जनहित, शिक्षा, रोजगार और युवाओं के मुद्दों को लेकर लगातार जमीन पर संघर्ष कर रही है। इसी क्रम में जनपद सुलतानपुर की जयसिंहपुर विधानसभा में एक विशाल जनसभा एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। जनसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उन्होंने प्रदेश में लगातार हो रहे पेपर लीक, अग्निवीर योजना के नाम पर युवाओं के साथ छलावे, बंद होते सरकारी स्कूलों और व्यापक भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र की मोदी सरकार तथा प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोला।
पढ़ें :- पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने 'जननीति भारत पार्टी' बनाई , बोलीं- 2027 का चुनाव लड़ेंगे, आपका राज होगा,मीरजापुर सदर से लड़ेंगी चुनाव
अमित शाह के बेटे को क्रिकेट बोर्ड का मुखिया बनाया और यूपी के नौजवानों को गोबर-गोमूत्र से रोजगार तलाशने की नसीहत
सांसद संजय सिंह ने सेना भर्ती के लिए लाई गई अग्निवीर योजना को युवाओं के भविष्य के साथ क्रूर मजाक बताया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और सुलतानपुर की माताएं अपने बच्चों को देश सेवा और सीमा की रक्षा के लिए तैयार करती थीं, लेकिन मोदी सरकार ने 4 साल की संविदा नौकरी थमा दी,जिसमें न पेंशन है और न ही मेडिकल सुविधा। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी पहले भाजपा के सभी विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के बेटों को अग्निवीर बनाएं, उनके ₹35,000 वेतन का खर्च आम आदमी पार्टी चंदा जुटाकर वहन कर लेगी। उन्होंने कहा कि अमित शाह के बेटे को क्रिकेट बोर्ड का मुखिया बना दिया जाता है और यूपी के नौजवानों को गोबर-गोमूत्र से रोजगार तलाशने की नसीहत दी जाती है।
मोदी सरकार के 12 वर्षों के हिसाब से अब तक 24 करोड़ युवाओं को नौकरी मिल जानी चाहिए थी
सांसद संजय सिंह ने प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी और भर्ती घोटालों पर योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि आज यूपी में सिपाही, दरोगा, शिक्षक, प्रोफेसर, डॉक्टर, इंजीनियर, पीसीएस-जे और नीट तक की परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं। हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा करने वाली मोदी सरकार के 12 वर्षों के हिसाब से अब तक 24 करोड़ युवाओं को नौकरी मिल जानी चाहिए थी, लेकिन हकीकत में युवा सड़कों पर लाठियां खाने को मजबूर हैं। उन्होंने मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे के संघर्षों की सराहना करते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के हक के लिए प्रयागराज से लखनऊ तक पदयात्रा करने वाले और लाठियां खाने वाले नौजवान ही इस तानाशाही का अंत करेंगे।
पढ़ें :- शिवा शर्मा और श्रद्धा दूबे की चैट वायरल, फरार मॉडल ने लिखा था- तुम्हारे साथ बुरा ही होगा
योगी सरकार ने 27 हजार सरकारी स्कूलों को बंद करने का पाप किया है, जबकि धड़ल्ले से 27 हजार नई शराब की दुकानें खोल दी
शिक्षा व्यवस्था की बदहाली पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के 27 हजार सरकारी स्कूलों को बंद करने का पाप किया है, जबकि पूरे प्रदेश में धड़ल्ले से 27 हजार नई शराब की दुकानें खोल दी गईं। स्कूलों में बच्चे टाट-पट्टी पर बैठकर नमक-रोटी खाने को मजबूर हैं और स्कूल परिसर में शराब की खाली बोतलें मिलती हैं। इसके विपरीत अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को वातानुकूलित (AC) बनाया, स्विमिंग पूल व शानदार खेल मैदान दिए, माताओं-बहनों के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुफ्त बिजली-पानी और ‘फरिश्ते’ योजना जैसी विश्वस्तरीय जनसुविधाएं उपलब्ध कराईं।
सांसद ने कहा कि जब जनता सड़क, अस्पताल, बिजली, पानी और स्कूल मांगती है, तो प्रधानमंत्री और भाजपा के नेता श्मशान और कब्रिस्तान का राग अलाप कर जनता को बांटने का काम करते हैं। उन्होंने स्थानीय पारस पट्टी में पानी की टंकी निर्माण में हुए भ्रष्टाचार और प्रभु राम मंदिर निर्माण के नाम पर चंदे में हुई कथित धांधली का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा का असली चरित्र “राम नाम जपना, पराया माल अपना” बन चुका है।
संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि वोट चोरी और तानाशाही के खिलाफ गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक किया जाए। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी एक महीने के भीतर प्रत्येक गांव में मजबूत बूथ कमेटियों का गठन किया जाए। इसके बाद जयसिंहपुर विधानसभा में 5 हजार कार्यकर्ताओं का ऐतिहासिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, ताकि विधानसभा में आम आदमी पार्टी का परचम मजबूती से लहराया जा सके।