नई दिल्ली, पर्दाफाश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने रिमोट बटन दबाकर इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट मौजूद हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल समेत कई केंद्रीय और राज्य मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल हुए। यह एयरपोर्ट परियोजना 11,282 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई है, जबकि इसे कुल चार चरणों में विकसित किया जाएगा। पूरी परियोजना की अनुमानित लागत करीब 29,560 करोड़ रुपये बताई जा रही है। जेवर एयरपोर्ट को उत्तर भारत के एक बड़े विमानन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे क्षेत्र में कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
पढ़ें :- रेप मामलों में पीड़िता की पहचान उजागर करने पर सख्त सुप्रीम कोर्ट, सभी हाई कोर्ट को दिए निर्देश
प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें प्रोजेक्ट से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में भगवान बुद्ध की कलाकृति भेंट की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में कहा कि यह परियोजना देश के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाली है। उन्होंने कहा कि आज “विकसित यूपी, विकसित भारत” अभियान का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है और उत्तर प्रदेश अब देश के उन राज्यों में शामिल हो गया है, जहां सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भावनात्मक जुड़ाव भी जताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है—पहला, इस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने का मौका भी उन्हें मिला और अब उद्घाटन करने का भी सौभाग्य मिला। दूसरा, जिस उत्तर प्रदेश ने उन्हें सांसद बनाया, उसी प्रदेश की पहचान के साथ अब इस भव्य एयरपोर्ट का नाम भी जुड़ गया है।अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में पिछले एक महीने से चल रहे युद्ध के कारण कई देशों में पेट्रोल, खाद और जरूरी सामान की कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारत भी इस स्थिति से अछूता नहीं है, क्योंकि देश बड़ी मात्रा में कच्चा तेल और गैस इन क्षेत्रों से आयात करता है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार इस वैश्विक संकट के बावजूद हर संभव कदम उठा रही है, ताकि इसका बोझ देश के आम लोगों और किसानों पर न पड़े। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने अपनी विकास गति को बनाए रखा है और लगातार आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों के समय नोएडा को “लूट का एटीएम” बना दिया गया था, लेकिन आज वही नोएडा भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश के विकास का एक मजबूत इंजन बन चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन को आगे बढ़ाते हुए कहा कि 2004 से 2014 तक जेवर एयरपोर्ट की योजना फाइलों में ही दबकर रह गई थी और उस समय की सरकारों ने इसे आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद इस परियोजना की नींव रखी गई और आज यह हकीकत बनकर सामने है। उन्होंने नोएडा से जुड़े पुराने अंधविश्वासों का जिक्र करते हुए कहा कि पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे, लेकिन उन्होंने इन बातों को नजरअंदाज करते हुए इस क्षेत्र को विकास से जोड़ने का काम किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज वही क्षेत्र पूरी दुनिया का स्वागत करने के लिए तैयार है और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती दे रहा है।
पढ़ें :- अयोध्या: परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के यज्ञ में बड़ा हादसा टला, 1251 कुंड वाला पंडाल मिनटों में जलकर खाक
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी देश में एयरपोर्ट केवल एक सुविधा नहीं होते, बल्कि विकास को गति देने वाले इंजन होते हैं। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले देश में 74 एयरपोर्ट थे, जो अब बढ़कर 160 से अधिक हो चुके हैं। अब हवाई कनेक्टिविटी बड़े शहरों से निकलकर छोटे-छोटे शहरों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि पहले हवाई यात्रा को सिर्फ अमीरों तक सीमित माना जाता था, लेकिन सरकार ने इसे आम लोगों के लिए भी सुलभ बनाया है। UDAN योजना के तहत अब तक 1.60 करोड़ से ज्यादा लोग सस्ती हवाई यात्रा कर चुके हैं और योजना के विस्तार के लिए करीब 29 हजार करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलिपैड विकसित किए जाएंगे।
अंत में प्रधानमंत्री ने वैश्विक संकट का जिक्र करते हुए देशवासियों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय चुनौतियों से गुजर रही है, ऐसे में भारत को शांत मन और धैर्य के साथ आगे बढ़ना होगा। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपील की कि इस समय ऐसी बयानबाजी से बचें, जिससे देश के हितों को नुकसान पहुंचे।