AUS W vs IND W 3rd T20I Highlights : ऑस्ट्रेलिया विमेन बनाम इंडिया विमेन, तीसरा टी20आई मैच शनिवार 21 फरवरी 2026 को एडिलेड ओवल में खेला गया। इस सीरीज डिसाइडर मैच में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई टीम इंडिया ने 17 रनों से जीत दर्ज की और सीरीज 2-1 से अपने नाम कर लिया है। तीसरे मैच में इंडिया विमेन की जीत में स्मृति मंधाना का सबसे बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने पहली पारी में 82 रनों की विस्फोटक पारी खेली थी।
पढ़ें :- IND vs AUS 3rd ODI : भारतीय टीम की ऑस्ट्रेलिया में शर्मनाक हार, 3-0 से गंवाई वनडे सीरीज
मैच की बात करें तो इंडिया विमेन की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन टीम की शुरुआत खराब रही। युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। इसके बाद स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने ताबड़ तोड़ बल्लेबाजी की। दूसरे विकेट के लिए दोनों के बीच 82 गेंदों में 121 रनों की साझेदारी हुई। स्मृति 55 गेंदों में 82 रन बनाए और जेमिमा 46 गेंदों में 59 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद मेहमान टीम ने अपने विकेट जल्दी गंवा दिये। हालांकि, इंडिया विमेन 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।
दूसरी पारी में 177 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया विमेन की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 32 रन के कुल स्कोर पर अपने 3 अहम विकेट गंवा दिये थे। इसके बाद फ़ोबे लिचफ़ील्ड और एशले गार्डनर ने कुछ हद तक पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन, 63 के टीम स्कोर पर लिचफ़ील्ड भी पवेलियन लौट गईं। इसके बाद टीम इंडिया के गेंदबाजों ने रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया। मेजबान टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। भारत के लिए श्री चरणी और श्रेयांका पाटिल ने 3-3 विकेट झटके। अरुंधति रेड्डी को 2 विकेट और रेणुका सिंह ठाकुर को 1 विकेट मिला।