Lucknow Weather Update: यूपी की राजधानी लखनऊ सोमवार 30 जून को सुबह से मौसम में ठंडक बनी हुई थी। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन का ज्यादातर तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की उम्मीद है। आज लखनऊ में सुबह से बारिश का मौसम बना रहा और 1 बजे के बाद राजधानी के लगभग ज्यादातर इलाकों में भारी वर्षा हुई। लगातार हो रही बारिश और बादलों की आवाजाही ने मौसम को खुशनुमा बना दिया है। इस बारिश ने तापमान में कमी लाकर गर्मी से राहत दी, लेकिन कुछ इलाकों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हुई।
पढ़ें :- संजय निषाद ने यूपी विधान चुनाव से पहले बीजेपी को दिया अल्टीमेटम, आरक्षण पर फैसला करो, वरना दूसरा दरवाजा देखेंगे
सोमवार को भी लखनऊ में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, पुराने लखनऊ के क्षेत्रों जैसे चौक, पीर बुखारा, डालीगंज छत्ता, और मूंगफली मंडी के पास जलभराव की स्थिति बनी। बंथरा क्षेत्र में दुकानों में पानी घुस गया और कानपुर रोड पर ट्रैफिक जाम की स्थिति रही। शंकरपुरवा में बिजली के खंभे में करंट उतरने से चार गायों की मौत की खबर भी सामने आई। मौसम विभाग ने मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश के 28 जिलों, जिसमें लखनऊ शामिल है, के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना जताई गई थी, जिसका असर देखने को मिला।
लखनऊ नगर निगम (LMC) ने जलभराव की शिकायतों के लिए 24×7 हेल्पलाइन नंबर (9219902911-14) जारी किए हैं, ताकि नागरिक समस्याएँ दर्ज कर सकें।