Mahatma Gandhi Jayanti and Lal Bahadur Shastri Jayanti: आज 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी समेत तमाम नेताओं ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर विजय घाट पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज महात्मा गांधी की जयंती पर राजघाट पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
पढ़ें :- पीएम नरेंद्र मोदी को अंत में जनता के गुस्से का सामना करना पड़ेगा...राहुल गांधी ने साधा निशाना
पीएम मोदी ने इससे पहले महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘गाँधी जयंती, प्रिय बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि देने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा बदल दी। उन्होंने दिखाया कि कैसे साहस और सादगी महान परिवर्तन के साधन बन सकते हैं। वे सेवा और करुणा की शक्ति को लोगों को सशक्त बनाने के अनिवार्य साधन मानते थे। हम एक विकसित भारत के निर्माण के अपने अभियान में उनके बताए मार्ग पर चलते रहेंगे।’
पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘श्री लाल बहादुर शास्त्री जी एक असाधारण राजनेता थे जिनकी ईमानदारी, विनम्रता और दृढ़ संकल्प ने चुनौतीपूर्ण समय में भी भारत को सशक्त बनाया। वे अनुकरणीय नेतृत्व, शक्ति और निर्णायक कार्रवाई के प्रतीक थे। ‘जय जवान जय किसान’ के उनके आह्वान ने हमारे लोगों में देशभक्ति की भावना जगाई। वे हमें एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रेरित करते रहते हैं।’