मुंबई। मुंबई में बॉलिवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच लगातार आगे बढ़ रही है। क्योकि अब सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का कथित अमेरिकी ऑपरेटिव रंदीप मलिक भी है। साथ ही एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फायरिंग की साजिश और उसके पीछे मौजूद नेटवर्क में मलिक की क्या भूमिका थी?
पढ़ें :- बॉलीवुड में दहशत फैलाना था मकसद: टाइगर नहीं, किसी बड़े सेलिब्रिटी की हत्या का था प्लान, आरोपियों ने पूछताछ में किया खुलासा
रिपोर्ट के मुताबिक, रंदीप मलिक को लॉरेंस बिश्नोई और उसके भाई अनमोल बिश्नोई का बेहद करीबी माना जाता है। वहीं जांच एजेंसियों का दावा है कि टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में जिम्मेदारी लेने वाला अनिल पंडित और कथित शूटर रेहान भी मलिक के संपर्क में रहे हैं। इसके पहले भी रेहान को मलिक और पंडित की ओर से एक शूटिंग की जिम्मेदारी दिए जाने की बात सामने आई है।
जेल में बंद लॉरेंस और अनमोल से पूछताछ की तैयारी
इस जांच का एक सबसे बड़ा पहलू जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई और अनमोल बिश्नोई से पूछताछ है। लॉरेंस गुजरात की साबरमती सेंट्रल जेल में, जबकि अनमोल दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है। इस मामले में एजेंसियां दोनों से पूछताछ करना चाहती हैं।
हालांकि, दोनों को जेल से बाहर लाकर पुलिस हिरासत में लेना आसान नहीं है। रिपोर्टों के अनुसार, मुंबई पुलिस को केंद्र के आदेश और मौजूदा कानूनी प्रावधानों के कारण पूछताछ के लिए संबंधित मंजूरियों और न्यायिक प्रक्रिया का सहारा लेना पड़ सकता है।
पढ़ें :- अनूप जलोटा ने सलमान खान को दी बिश्नोई समाज से माफी मांगने की सलाह, टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना से दुखी
तीन आरोपियों से पूछताछ तेज
इधर, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में गिरफ्तार रेहान, ऋतिक कुर्मी और फूल सिंह को कोटा से मुंबई लाया गया है। साथ ही वहां मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल उनसे पूछताछ कर रही है। इसके अलावा कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से उनके संपर्क की जांच की जा रही है।
आपको बता दें कि बीते 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी हुई थी। हमले में टाइगर सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर सामने आई थी। इस मामले में कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से संबंधित अनिल पंडित ने सोशल मीडिया के जरिए इस अपराध की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।
यानी अब जांच सिर्फ गोली चलाने वाले शूटरों तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग का आदेश किसने दिया, हथियार और लॉजिस्टिक सपोर्ट कहां से मिला और रंदीप मलिक समेत विदेश में बैठे कथित ऑपरेटिव का इस पूरे नेटवर्क में क्या कनेक्शन है। फिलहाल, रंदीप मलिक की भूमिका अभी जांच के दायरे में है।