नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की शिवसेना में बगावत हो गयी है। पार्टी के छह सांसदों ने अब दूरी बना ली है। कहा जा रहा है कि, बागी सांसद एकनाथ शिंदे के संपर्क में हैं। उद्धव ठाकरे के खेमे में बगावत के बीच दिल्ली में शिवसेना यूबीटी के संसदीय दल की बैठक बुलाई गई है लेकिन इस बैठक में बागी सांसदों नहीं पहुंचे। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली की बैठक में केवल तीन सांसद ही पहुंचे हैं। छह सांसदों के पाला बदलने की खबर है। आज की बैठक में अनिल देसाई, अरविंद सावंत और संजय राउत पहुंचे हैं।
पढ़ें :- उद्धव ठाकरे INDIA ब्लॉक की बैठक में वर्चुअल रूप से शामिल होंगे : संजय राउत
बताया जा रहा है कि, शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों का गुट भी दिल्ली में मौजूद है। आज स्पीकर से वो मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से होने वाली इस मुलाकात के बाद शिवसेना यूबीटी में बीते चार साल में दूसरी बार टूट पर आधिकारिक मुहर लग जाएगी। बागी सांसदों ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को अपना नेता मान लिया है। स्पीकर को पत्र लिखने वाले शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों में संजय जाधव, संजय देशमुख, संजय दीना पाटिल, भाऊसाहेब वाकचौरे, ओमप्रकाश राजे निंबालकर और नागेश पाटिल के नाम बताए जा रहे हैं।
वहीं, इस मिशन को ऑपरेशन टाइगर भी कहा जा रहा है। राज्य के नेता इस मामले में अपनी-अपनी राय भी जाहिर कर रहे हैं। धुले में शिवसेना के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चंद्रकांत रघुवंशी ने कहा, महाराष्ट्र में ‘ऑपरेशन टाइगर’ हो चुका है। आज छह सांसदों ने एकनाथ शिंदे पर भरोसा जताया है और शिवसेना में शामिल हो गए हैं। यह अच्छी बात है कि वे हमारे साथ जुड़ गए हैं। मैं उनका स्वागत करता हूं।