Mali Gold Mine Collapse : अफ्रीकी देश माली (Mali) में सोने की खदान (Gold Mine) ढहने से 70 से अधिक लोग मारे जाने की खबर हैं। यह हादसा बीते हफ्ते हुआ है, बुधवार को स्थानीय मीडिया में माली सरकार ने इसकी पुष्टि की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। खदान के धंसने के बाद से राहत और बचाव कार्य जारी है।
पढ़ें :- Anthropic AI : एंथ्रोपिक एआई के नेतृत्व वाली तकनीकी कंपनियों में आई गिरावट , मार्केट में हाहाकार
दरअसल, माली दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक है, यह अफ्रीका के प्रमुख सोना उत्पादकों में से एक है। माली में सोने के खदानों में अक्सर ही इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। माली में हाल के दिनों की यह सबसे बड़ी खदान हादसा है। दक्षिण-पश्चिमी शहर कंगाबा (Kangaba) में सोने की खदानों के एक अधिकारी उमर सिदीबे ने शुक्रवार को एक न्यूज एजेंसी से कहा कि अचानक शोर हुआ और धरती हिलने लगी, इसके बाद हमने पाया कि खदानें धंस गई हैं। जहां हादसा हुआ है वहां 200 से अधिक सोने की खदानें थीं। तलाश अब खत्म हो गई है। हमें 70 शव मिले हैं।
माली के खनन मंत्रालय (Ministry of Mining, Mali) ने हादसे में मरने वालों के परिवारों और मालियन लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। माली सरकार ने खदानों के पास रहने वाले समुदायों और सोने की खदान में काम करने वालों से सुरक्षा को लेकर जारी दिशा निर्देशों का पालन करने को कहा है। साथ ही उनसे केवल सोने की खानों के लिए बनी परिधि के भीतर ही काम करने की अपील की है।