पेरम्बलूर। तमिलनाडु के पेरम्बलूर जिले में आज यानी शनिवार सुबह चेन्नई से मदुरै जा रही एक निजी स्लीपर कोच बस में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 23 यात्री सवार थे। हालांकि, बस चालक की समझदारी और तुरंत की गई कार्रवाई के कारण सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
पढ़ें :- देश के 15 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, पूर्वोत्तर राज्यों में चक्रवाती तूफान का खतरा
हाईवे पर धू-धू कर जली बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना चेन्नई-तिरुचिरापल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह करीब 5:30 बजे हुई। यात्रा के दौरान बस में अचानक धुआं और चिंगारी उठती देख चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क के किनारे रोक दिया। उसके बाद ड्राइवर और बस स्टाफ ने बिना समय गंवाए सो रहे यात्रियों को जगाया और उन्हें नीचे उतारा। यात्रियों के उतरते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरी बस आग की आग़ोश में समा गई। इस घटना की सूचना मिलते ही मंगलमेडु की स्थानीय पुलिस और पेरम्बलूर से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 15 दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुबह 7:00 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया। हांलाकि इस दुर्घटना में किसी के भी हताहत या घायल होने की रिर्पोट नहीं है, लेकिन यात्रियों का सामान जलकर खाक हो गया है।
यातायात प्रभावित, जांच जारी
इस भयानक हादसे के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम हो गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए यातायात को दुसरे रास्तों पर डायवर्ट किया और स्थिति को काबू में किया। फिलहाल के लिए प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक भेजने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई है। इस मामले को पुलिस ने दर्ज कर लिया है और शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि इस दुर्घटना के असली कारणों की जांच हो रही है।