लखनऊ, पर्दाफाश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर मायावती ने बसपा (बहुजन समाज पार्टी) की रणनीति साफ कर दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी अन्य दलों की तरह आपराधिक तत्वों को बिल्कुल भी बढ़ावा नहीं देगी और टिकट वितरण में “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की नीति को प्राथमिकता दी जाएगी। मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित बैठक में मायावती ने राज्य और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती, जनाधार बढ़ाने और चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्याशियों का चयन करते समय सभी वर्गों को उचित और संतुलित प्रतिनिधित्व दिया जाए।
पढ़ें :- BSP सुप्रीमो मायावती ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक, कहा-सरकारों की जनहित के प्रति उदासीनता से जनता है काफी परेशान
बैठक में उन्होंने साफ कहा कि संगठन की प्रगति रिपोर्ट को और बेहतर बनाया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनता सरकार की नीतियों से निराश है और अब बसपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है, ऐसे में कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा और मेहनत के साथ काम करना होगा। सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने कहा कि प्रदेश में रोजगार की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है, लेकिन सरकार सिर्फ वादों और जुमलों से लोगों की समस्याएं हल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता सिर्फ नारा नहीं, बल्कि इसे जमीनी स्तर पर लागू करना जरूरी है।
अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच तनाव के कारण पेट्रोल, गैस और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि हुई है, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। इसके अलावा, उन्होंने 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मंडलों से कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर अंबेडकर स्मारक में बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करें।