Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. मेरठ: सौतेली मां ने पैर बांधे, सगे पिता ने तकिए से घोंटा दम, 4 साल से कर रहे थे उत्पीड़न, खुशी हत्याकांड में हुए कई खुलासे

मेरठ: सौतेली मां ने पैर बांधे, सगे पिता ने तकिए से घोंटा दम, 4 साल से कर रहे थे उत्पीड़न, खुशी हत्याकांड में हुए कई खुलासे

By Harsh Gautam 
Updated Date

मेरठ: भावनपुर थाना क्षेत्र की गोकुलधाम सोसाइटी में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर 17 साल की बेटी खुशी उर्फ खुशबू की गला घोंटकर हत्या कर दी। शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए आनन-फानन में शव का ब्रजघाट ले जाकर अंतिम संस्कार भी कर दिया। हालांकि, ननिहाल पक्ष की मुस्तैदी और मृतका के एक आखिरी ऑडियो संदेश ने इस पूरी साजिश को बेनकाब कर दिया। पुलिस ने आरोपी पिता कपिल भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सौतेली मां पिंकी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पढ़ें :- पटना: गंगा में डूबी नाव, तीन की मौत, स्थानीय गोताखोर ने बचाई 7 की जान, 4 लोग अब भी लापता

बीमारी का बहाना बनाकर शव गायब किया

आरोपी कपिल भारद्वाज एक दुग्ध संयंत्र में काम करता है। उसने अपनी पत्नी पिंकी के साथ मिलकर इस हत्या को इतने शातिर तरीके से अंजाम दिया कि गोकुलधाम सोसाइटी में रहने वाले करीब 250 परिवारों को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार रात खुशी की हत्या करने के बाद, आरोपियों ने पड़ोसियों को बताया कि खुशी के पेट में तेज दर्द है और वे उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। इसके बाद वे चुपके से शव को कार में रखकर ब्रजघाट ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया।

मामा के मेरठ पहुंचने से पहले हो चुका था अंतिम संस्कार

मंगलवार दोपहर नई पन्नापुरी, हापुड़ निवासी खुशी के मामा भूपेंद्र शर्मा को किसी ने फोन पर खुशी की मौत की सूचना दी। जब तक भूपेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ मेरठ पहुंचे, तब तक आरोपी अंतिम संस्कार कर चुके थे। शक होने पर मामा ने तुरंत भावनपुर थाने में कपिल के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। हरकत में आई पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी पिता कपिल को दबोच लिया।

पढ़ें :- प्रतीक यादव की तेरहवीं में भावुक हुईं अपर्णा यादव, ‘प्रतीक भैया अमर रहें’ के नारों पर छलक पड़े आंसू, मुख्यमंत्री योगी भी पहुंचे...

“मामा से कह दो मुझे ले जाएं, वरना ये मार देंगे” – ऑडियो आया सामने

इस पूरे हत्याकांड में पुलिस के हाथ एक बेहद अहम सबूत लगा है। खुशी की अपनी मौसी से फोन पर हुई बातचीत का एक ऑडियो सामने आया है। इसमें खुशी रोते हुए कह रही है— “मामा से कह दो, वो मुझे आकर यहां से ले जाएं, वरना ये लोग मुझे मार डालेंगे।”

शुरुआती पूछताछ में आरोपी पिता कपिल और सौतेली मां पिंकी पुलिस को लगातार गुमराह करते रहे। कपिल ने बेटी के चरित्र पर मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए कहा कि वह मोबाइल पर लड़कों से बात करती थी, इसलिए उसकी हत्या की। वहीं, सौतेली मां पिंकी इसे बीमारी से हुई सामान्य मौत बताती रही।

साल 2009 में कपिल की शादी प्रीति से हुई थी, जिससे खुशी और एक बेटा राधे हैं। 2017 में प्रीति की मौत के महज 6 म​हीने बाद कपिल ने पिंकी से दूसरी शादी कर ली। करीब 4 साल पहले जब पिंकी को एक बेटा हुआ, तब से ही आरोपियों ने पहली पत्नी के बच्चों का उत्पीड़न शुरू कर दिया था।

पहली पत्नी की मौत पर भी उठे सवाल

पढ़ें :- हमीरपुर में दर्दनाक हादसा: तलाब में नहाने गए तीन मासूमों की डूबकर मौत, पूरे गांव में मातम पसरा

भांजी की हत्या के बाद मामा भूपेंद्र शर्मा ने साल 2017 में हुई अपनी बहन प्रीति की मौत पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भूपेंद्र ने बताया कि उस वक्त कपिल ने कहा था कि प्रीति सोते समय बेड से गिर गई थी, जिससे उसकी मौत हो गई। शक तो तब भी था, लेकिन बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने कोई कानूनी कदम नहीं उठाया था। अब उन्हें अंदेशा है कि बहन की भी हत्या की गई थी।

एसपी देहात, मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि 17 वर्षीय खुशी का पिछले करीब 4 साल से उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और सौतेली मां से महिला पुलिसकर्मी गहनता से पूछताछ कर रही हैं। वारदात में इस्तेमाल किया गया तकिया बरामद कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Advertisement