नई दिल्ली। उत्तराखंड में बादल फटने से कई जगहों पर तबाही मची हुई है। इसमें कई लोगों की जान भी चली गयी है। उधर, केदारनाथ धाम में फंसे श्रद्धालुओं को निकालने की कोशिश जारी है। इस बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उत्तराखंड में बादल फटने और भूस्खलन से हुई मृत्यू पर दुख जताया है।
पढ़ें :- जब हम भारत और फ्रांस की बात करते हैं तो हमारा रिश्ता इनोवेशन के साथ-साथ trust और shared values का भी है: पीएम मोदी
मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर लिखा कि, उत्तराखंड में बादल फटने, बेहद भारी वर्षा व भूस्खलन से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बेहद दुःखद है। जानकारी के मुताबिक़, बहुत सारे लोग लापता हैं। इस मुश्किल घड़ी में हम उत्तराखंड के लोगों के साथ हैं। पीड़ितों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं और हमें भरोसा हैं कि सेना जो बचाव का कार्य कर रही उससे लोगों को सुरक्षा व राहत मिलेगी। सरकार एवं प्रशासन से आग्रह है कि अपनी ज़िम्मेदारी निभाए और पीड़ितों की मुआवज़ा सहित मदद करें।
उन्होंने आगे लिखा कि, देश, जल-वायु परिवर्तन से जूझ रहा है, जहां बाढ़, भारी वर्षा, बादल फटना और कई राज्यों में सूखे जैसी आकस्मिक स्तिथि हो गई है। इसके लिए हमें ठोस नीति निर्माण कर, सभी की भागीदारी के साथ, वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाकर क़दम उठाने होंगे। हमें अपने आपदा-प्रबंधन को भी दुरुस्त करना होगा। इन सबके लिए सरकार की सकारात्मक पहल ज़रूरी है। साल दर साल हो रही इन प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए मोदी सरकार को बिना किसी भेदभाव के, राज्यों को अतिरिक्त आपदा प्रबंधन राशि तुरंत उपलब्ध करानी चाहिए।