मुंबई। दिल्ली हवाई अड्डे (Delhi Airport) पर शुक्रवार को हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी खामी के कारण लगभग 300 घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसका असर मुंबई के हवाई अड्डे पर भी देखा गया है। मुंबई में भी यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है।
पढ़ें :- इंडिगो फ्लाइट में बम की झूठी खबर से हड़कंप, 5 घंटे की देरी से हुई रवाना
मुंबई एयरपोर्ट (Mumbai Airport) की तरफ से जारी एडवाइजरी में कहा गया, दिल्ली स्थित स्वचालित संदेश स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में आई एक तकनीकी समस्या के कारण मुंबई हवाई अड्डे (Mumbai Airport) पर भी उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल (ATC) में इस प्रणाली से मदद मिलती है। संबंधित अधिकारी इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। एयरलाइन संचालन में देरी की आशंका के बीच यात्रियों को सलाह दी जाती है कि यात्रा से पहले उड़ान की स्थिति और संशोधित शेड्यूल अपडेट के बाद ही यात्रा करें। अद्यतन सूचना के लिए यात्रियों को अपनी संबंधित एयरलाइनों से संपर्क करने की सलाह दी गई है। असुविधा के लिए खेद जताते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने धैर्य और सहयोग के लिए आभार भी प्रकट किया है।
विमानन कंपनियों इंडिगो, एअर इंडिया, स्पाइसजेट और अकासा एयर ने शुक्रवार को कहा कि हवाई यातायात नियंत्रण प्रणाली में तकनीकी खामी के कारण दिल्ली हवाई अड्डे (Delhi Airport) पर उनकी उड़ानों में देरी हो रही है। राष्ट्रीय राजधानी का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (IGIA) प्रतिदिन 1,500 से अधिक उड़ानों का संचालन करता है और देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने कहा कि दिल्ली हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन में देरी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि ऑटेमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (AMSS) में तकनीकी खामी आ गई है, जो हवाई यातायात नियंत्रण डेटा को सहयोग देता है।
पढ़ें :- अहमदाबाद में टला बड़ा विमान हादसा, रनवे पर उड़ान भरने को तैयार विमान के सामने आया दूसरा विमान
सरकारी स्वामित्व वाला एएआई हवाई यातायात नियंत्रण और नेविगेशन सेवाएं प्रदान करता है। उसने कहा कि तकनीकी टीमें जल्द से जल्द प्रणाली को बहाल करने के लिए काम कर रही हैं। दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डायल) करता है।