Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. डिनर मे चिकन पुलाव, फिर खाया तरबूज, ​कैसे हुई एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत?

डिनर मे चिकन पुलाव, फिर खाया तरबूज, ​कैसे हुई एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत?

By हर्ष गौतम 
Updated Date

Mumbai:  मुंबई के दक्षिणी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से मौत हो गई। परिवार ने रात के खाने के बाद तरबूज खाया था, जिसके कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और देखते ही देखते पूरा घर मातम में बदल गया। इस हादसे में 40 वर्षीय अब्दुल्ला, उनकी 35 वर्षीय पत्नी नसरीन और उनकी दो बेटियां—13 वर्षीय जैनब और 16 वर्षीय आयशा की जान चली गई। बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल को परिवार ने जे.जे. मार्ग स्थित अपने घर पर एक पारिवारिक कार्यक्रम रखा था, जिसमें करीबी लोग शामिल हुए थे।

पढ़ें :- गोलगप्पे खाने से 6 साल के बच्चे की मौत, 17 लोग बीमार

जानकारी के मुताबिक, परिवार एक कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा था, कार्यक्रम में आए मेहमानों को पहले चिकन पुलाव परोसा गया। खाना खाने के बाद मेहमान अपने-अपने घर लौट गए। इसके बाद परिवार के चारों सदस्यों ने घर में तरबूज खाया। कुछ ही समय बाद सभी को उल्टी, घबराहट और चक्कर आने लगे। परिवार की हालत तेजी से बिगड़ती देख उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें जे.जे. अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन इलाज के दौरान रविवार रात चारों की मौत हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों ने केवल चिकन पुलाव खाया था, उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, जिससे शक तरबूज पर गहरा गया है। सभी शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा चुका है और अब हिस्टोपैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, ताकि मौत की असली वजह स्पष्ट हो सके। पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल डेथ का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की अचानक मौत से स्थानीय लोग भी सदमे में हैं।

Advertisement