बिहार: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां माता शीतला मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, हर मंगलवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है, लेकिन आज चैत्र का अंतिम मंगलवार होने के कारण भीड़ असामान्य रूप से ज्यादा थी। इसी दौरान मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गई और लोग एक-दूसरे को धक्का देकर आगे बढ़ने लगे, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई।
पढ़ें :- नालंदा में मां शीतला मंदिर भगदड़ के पीड़ितों को मुआवजे का ऐलान, CM नीतीश ने हादसे पर जताया दुख
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भगदड़ के दौरान कई महिलाएं भीड़ में दब गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि, भगदड़ किस वजह से मची, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन में कमी की बात कही जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर में अत्यधिक भीड़ थी और कोई व्यवस्थित लाइन नहीं थी, जिससे धक्का-मुक्की बढ़ गई और हादसा हो गया। घटना के बाद मंदिर परिसर को खाली करा लिया गया है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि मंदिर में मेले का भी आयोजन था, जिसके चलते भीड़ और ज्यादा बढ़ गई थी।
इस हादसे के बाद मंदिर प्रशासन और स्थानीय व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण में कोई बड़ी लापरवाही हुई। साथ ही, यह भी आरोप है कि हादसे के बाद एंबुलेंस मौके पर देर से पहुंची। फिलहाल पुलिस-प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।