पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: प्रेम प्रसंग में शादी की जिद ने ऐसा मोड़ लिया कि देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रेमी से शादी कराने की मांग को लेकर एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर की ऊंचाई पर देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।
पढ़ें :- नौतनवा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, कार से 648 बोतल शराब बरामद
मामला नौतनवा थाना क्षेत्र के लोहसी गांव के बरवा भोज का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, युवती अपने प्रेमी से शादी करने की मांग पर अड़ी हुई है। इसी मांग को लेकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर नीचे उतरने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवती करीब चार घंटे तक टावर पर डटी रही। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मी लगातार युवती से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे रहे। वहीं, तमाशबीनों की भीड़ भी मौके पर जमा रही।