पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना नौतनवा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम रविवार को मुखबिर की सूचना पर बैरियाहवा पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध क्रेटा कार संख्या UP23AW6249 को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे नीले रंग के नौ अदद बैग से ओल्ड मंक रम की कुल 648 बोतलें बरामद हुईं।
पढ़ें :- आजम खान को मुसलमान होने की नहीं, भ्रष्टाचार की सजा मिली; केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर हमला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिओम प्रजापति (27) निवासी रेवाड़ी, हरियाणा, मनीष कुमार (24) निवासी सागरपुर, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली और विजय भुजेल (34) निवासी कास्की, नेपाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को रविवार शाम करीब 5:30 बजे बैरियाहवा पुल के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना नौतनवा पर मु0अ0सं0 215/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस संयुक्त कार्रवाई में नौतनवा पुलिस के उपनिरीक्षक रोहित यादव, प्रशांत दुबे, हेड कांस्टेबल हिमांशु सिंह, कांस्टेबल अनिल खरवार सहित एसएसबी की 66वीं वाहिनी के निरीक्षक जितेंद्र कुमार ठाकुर और जवान अमित कुमार शर्मा व लोकेश कुमार शामिल रहे।
सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस और एसएसबी की इस कार्रवाई को अहम सफलता माना जा रहा है।
पढ़ें :- 'आजम खान पर हुए एक-एक जुल्म का सरकार बनने के बाद होगा हिसाब...' फिलिस्तीन के झंडे के साथ लगा धमकी भरा पोस्टर
महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट