पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नौतनवा कस्बे के प्रमुख घंटाघर चौराहे पर बुधवार दोपहर उस समय अफरा–तफरी मच गई, जब केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (GST) विभाग की वाराणसी टीम ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालय पर अचानक छापेमारी कर दी। करीब डेढ़ बजे शुरू हुई यह कार्रवाई देर शाम तक चलती रही।
पढ़ें :- नौतनवा:अपर आयुक्त गोरखपुर को अधिवक्ताओं ने सौंपा पाँच सूत्रीय ज्ञापन
सूत्रों के अनुसार, टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, कंप्यूटर रिकॉर्ड और जीएसटी से संबंधित फाइलों की बारीकी से जांच की। संदेह है कि सीमा क्षेत्र से होने वाले आयात–निर्यात के कागज़ातों में हेरफेर कर करोड़ों रुपये के जीएसटी रिफंड हासिल किए गए हैं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
विभाग को सीमावर्ती इलाकों में इंपोर्ट–एक्सपोर्ट कारोबार से जुड़े जीएसटी रिफंड दुरुपयोग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। जांच टीम को संदिग्ध लेनदेन और फर्जी बिलिंग की आशंका भी नजर आई है।
करीब सात घंटे चली कार्यवाही से पूरे कस्बे में सनसनी फैल गई और व्यापारिक गलियारों में चर्चा का दौर देर रात तक जारी रहा। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद अगर फर्जी बिलिंग और गलत तरीके से रिफंड लेने के ठोस साक्ष्य मिले, तो संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी विभाग की वाराणसी टीम द्वारा फर्जी जीएसटी बिलों के जरिए लाखों रुपये के रिफंड घोटाले के मामलों में छापेमारी की जा चुकी है।
पढ़ें :- सरकारी जमीन की फर्जी आख्या देने वाले लेखपाल पर मुरादाबाद डीएम का बड़ा एक्शन, नजूल लैंड NOC मामले में भी चल रही है जांच