Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा में महराजगंज से 10 हजार लोगों को ले जाने का लक्ष्य, पंकज चौधरी ने सौंपी जिम्मेदारी

लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा में महराजगंज से 10 हजार लोगों को ले जाने का लक्ष्य, पंकज चौधरी ने सौंपी जिम्मेदारी

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के महराजगंज स्थित आवास पर सोमवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में चार नवंबर को गोरखपुर में प्रस्तावित पदयात्रा में महराजगंज से कम से कम 10 हजार कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य तय किया गया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री बबलू यादव ने किया।

पढ़ें :- लालू-सोनिया की मुलाकात ने ताजा की पुरानी यादें, आखिर तीन दशक से क्यों कायम है दोनों का भरोसा

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी की ओर से देशव्यापी स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चार नवंबर को गोरखपुर में होने वाली पदयात्रा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे। उन्होंने पदयात्रा को लेकर जिले में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और प्रत्येक स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के निर्देश दिए।

पंकज चौधरी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष की ओर से जनता के बीच जो नकारात्मक नैरेटिव और भ्रांतियां फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, पदयात्रा उसका प्रभावी जवाब देने का माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर लोकतंत्र, संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका के बारे में संवाद करें।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पदयात्रा में केवल संख्या जुटाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए अभियान के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनता से उसके सीधे संवाद में है। इसके लिए मंडल से लेकर विधानसभा स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां देकर तैयारी में जुटने की जरूरत है।

बैठक में महराजगंज से 10 हजार लोगों की भागीदारी के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विधानसभा क्षेत्रवार तैयारियों की समीक्षा की गई। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में संपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया गया। विधायकों, ब्लॉक प्रमुखों, प्रमुख प्रतिनिधियों, नगर पालिका अध्यक्षों और नगर पंचायत अध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं एवं आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही वाहनों की व्यवस्था, कार्यकर्ताओं के समन्वय, मंडलवार संख्या और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

पढ़ें :- सपाई और कसाई को मां दुर्गा की पूजा से परेशानी होती है तो अपने घर में शोक मनाओ, सीएम योगी का दो टूक संदेश

पार्टी नेताओं ने कहा कि चार नवंबर को गोरखपुर में होने वाली पदयात्रा में महराजगंज की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए मंडल अध्यक्षों, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों तथा पार्टी के अन्य पदाधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल,पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, विधायक प्रेम सागर पटेल, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य जनार्दन गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी, विधानसभा प्रभारी निरंकार मणि त्रिपाठी, प्रमुख धीरू सिंह, प्रमुख वेद शुक्ला, प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल, प्रमुख प्रतिनिधि इंजीनियर विवेक गुप्ता, चेयरमैन संतोष जायसवाल, चेयरमैन गिरजेश जायसवाल, चेयरमैन राजेश जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, सुनील कुमार मद्धेशिया, अजय मद्धेशिया, शैलेश पांडेय, प्रदीप उपाध्याय, फरीदा ईरम, जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी, मधुर सिंह, जिला मंत्री बैजनाथ पटेल, दिनेश जायसवाल, ठाकुर रौनियार, जिला कोषाध्यक्ष आकाश गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री कुर्सेद अंसारी, पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री अमरनाथ पटेल, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री नरेंद्र खरवार, गोलू सिंह सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के जिला संयोजक, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट

Advertisement