लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश की बेटी ‘प्राची पांडेय’ ने देश का मान बढ़ाया है। जापान के नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में प्राची ने महिला एकल क्लास-6 पैरा टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया है। उनकी इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश सहित देशभर में खुशी का माहौल है।
पढ़ें :- एशियन पैरा गेम्स 2026 : अशोक मलिक ने पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत को दिलाया पहला मेडल, मनीष नरवाल ने शूटिंग में जीता सिल्वर
सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले के बाद मिला कांस्य
सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए प्राची पांडेय ने शानदार खेल दिखाया। हालांकि, सेमीफाइनल में उन्हें इराक की खिलाड़ी ‘अल-दयेनी नजला’ के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। इराकी खिलाड़ी ने 11-9, 11-2 और 11-8 से मुकाबला अपने नाम किया। प्राची को सेमीफाइनल में पहुंचने की वजह से कांस्य पदक मिला।
उन्नाव की रहने वाली हैं प्राची
आपको बता दें कि प्राची पांडेय मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के जुरखन खेड़ा निवासी हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के बावजूद भी खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उनकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा है।
पढ़ें :- एशियन पैरा गेम्स में भारत की बेटियों ने बिखेरा जलवा: मोना को गोल्ड, अवनि ने जीता सिल्वर मेडल
पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दिखा चुकी हैं दम
प्राची इससे पहले भी मार्च 2025 में स्पेन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीत चुकी हैं। उनका यह प्रदर्शन एशियन पैरा गेम्स में भारतीय पैरा खेलों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्राची की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि मजबूत इरादों और लगातार मेहनत के दम पर मुश्किल चुनौतियों को पार किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि पर देशभर से बधाइयां मिल रही हैं।