रायबरेली : यूपी के रायबरेली में सफेद कपड़े चमकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले केमिकल (रानीपाल) से नकली पनीर बनाए जाने का मामला सामने आया है। यूपी खाद्य सुरक्षा विभाग और FSSAI की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इसके साथ नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
पढ़ें :- दिल्ली में नकली पनीर का बड़ा रैकेट, त्योहारों से पहले कई टन मिलावटी पनीर की खपत, सरकार के पास नहीं ठोस आंकड़ा, ऐसे करें असली की पहचान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रायबरेली में FSSAI की टीम ने हरचंदपुर थाना क्षेत्र में बबलू छेना वाला के यहां छापेमारी की गई। यहां अघौरा के पास नकली पनीर बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। आरोप है कि कपड़ों को चमकाने वाले रानीपाल केमिकल और रिफाइंड ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऑप्टिकल व्हाइटनर जैसे केमिकल से सफेद पनीर तैयार किया जा रहा था।
मौके से भारी मात्रा में नकली पनीर और मिलावटी सामग्री बरामद की गयी है। मिलावटी पनीर की सप्लाई और बिक्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। सेहत के लिए खाया जाने वाला पनीर लोगों की सेहत का दुश्मन बन सकता है। बताया जा रहा है कि नकली पनीर को असली बताकर बाजार में बेचने की तैयारी थी। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं।