Rajyasabha Updates: आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद Raghav Chadha और उनकी पार्टी के बीच चल रहा विवाद अब खुलकर राज्यसभा तक पहुंच गया है। शुक्रवार को सदन में बोलते हुए चड्ढा ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर तीखा तंज कस दिया। दरअसल, हाल ही में आम आदमी पार्टी ने उन्हें राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। इसके साथ ही उन पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) से नजदीकी के आरोप भी लगाए गए हैं।
पढ़ें :- राज्यसभा में इतिहास: हरिवंश नारायण सिंह पहली बार मनोनीत सांसद के तौर पर डिप्टी चेयरमैन, तीसरी बार संभाली जिम्मेदारी
सदन में तंज भरा बयान
17 अप्रैल को हरिवंश नारायण सिंह के लगातार तीसरी बार निर्विरोध राज्यसभा के उपसभापति चुने जाने पर बधाई देने के दौरान चड्ढा ने अपनी ही पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा— “मैं जिस पार्टी से आता हूं, उसके नेता (संजय सिंह) सदन में मौजूद नहीं हैं। मेरी ही पार्टी के नवनियुक्त उपनेता (अशोक मित्तल) भी यहां नहीं हैं।”इसके बाद उन्होंने तंज कसते हुए कहा—“मैं हाल ही में हटाया गया उपनेता हूं और मैं सदन में मौजूद हूं। मुझे बोलने का अवसर देने के लिए धन्यवाद।”
उपसभापति और सभापति की तारीफ
अपने भाषण में चड्ढा ने हरिवंश नारायण सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि उनके साथ उनका रिश्ता “खट्टा-मीठा” रहा है, लेकिन इस कार्यकाल में यह पूरी तरह “मीठा” हो जाएगा। साथ ही उन्होंने सभापति और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन की भी सराहना की। चड्ढा ने कहा कि उनके आने के बाद अब शून्यकाल में पहले के मुकाबले ज्यादा सांसदों को बोलने का मौका मिल रहा है। इस बयान के बाद AAP के अंदरूनी विवाद और भी खुलकर सामने आ गया है, जिससे आने वाले समय में पार्टी की राजनीति पर असर पड़ सकता है।