Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. IPL
  3. RCB का बड़ा फैसला: भगदड़ में जान गंवाने वालों की याद में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली

RCB का बड़ा फैसला: भगदड़ में जान गंवाने वालों की याद में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा रहेंगी खाली

By हर्ष गौतम 
Updated Date

IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन ने मानवीय संवेदनाओं का उदाहरण पेश करते हुए एक अहम पहल की है। पिछले साल एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले 11 लोगों की याद में स्टेडियम में 11 सीटें हमेशा के लिए खाली रखने का फैसला लिया गया है। दरअसल, 4 जून 2025 को RCB की पहली IPL ट्रॉफी जीत के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ के चलते भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हो गए थे। इस दुखद घटना की स्मृति को सम्मान देने के लिए अब स्टेडियम में एक स्मारक पट्टिका भी लगाई जाएगी।

पढ़ें :- IPL के लिए PSL को "बाय-बाय" करने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ब्लेसिंग मुजरबानी पर लगाया दो साल का बैन

यह स्मारक स्टेडियम के एंट्री गेट के पास स्थापित किया जाएगा, ताकि आने वाले हर दर्शक इस घटना के प्रति संवेदना व्यक्त कर सके। खास बात यह है कि ये 11 सीटें न सिर्फ IPL बल्कि इंटरनेशनल मैचों में भी कभी बेची नहीं जाएंगी। इसके अलावा, मैच से पहले पीड़ितों के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे और एक मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिसमें दोनों टीमें हिस्सा लेंगी।

वेंकटेश प्रसाद ने इस पहल की पुष्टि करते हुए कहा कि इस घटना को याद करना दर्दनाक जरूर है, लेकिन इन लोगों को सम्मान देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि इस स्मारक को लेकर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। भगदड़ हादसे के बाद जस्टिस जॉन माइकल डी कुन्हा कमेटी ने स्टेडियम को बड़े आयोजनों के लिए असुरक्षित बताया था, जिसके चलते यहां मैचों पर रोक लगा दी गई थी। इसका असर यह हुआ कि ICC महिला वर्ल्ड कप 2025 के मुकाबले बेंगलुरु से हटाकर नवी मुंबई में शिफ्ट कर दिए गए, वहीं महाराजा टी-20 लीग को भी मैसूर में आयोजित करना पड़ा।

हालांकि, अब हालात सामान्य होते दिख रहे हैं। कर्नाटक सरकार ने स्टेडियम में दोबारा मैच आयोजित करने की मंजूरी दे दी है। IPL 2026 में 28 मार्च को इसी मैदान पर RCB और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच ओपनिंग मुकाबला खेला जाएगा। कुछ दिन पहले BCCI ने IPL के शुरुआती 20 मैचों का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें बेंगलुरु के दो मैच शामिल हैं। हालांकि, यह साफ किया गया था कि यहां मैचों का आयोजन सरकार की अनुमति पर निर्भर करेगा। RCB और KSCA की यह पहल खेल से आगे बढ़कर मानवता और संवेदनशीलता का संदेश देती है, जो क्रिकेट फैंस के दिलों को जरूर छू जाएगी।

पढ़ें :- डेब्यू मैच में साकिब हुसैन ने रचा ईतिहास, बिहार क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने जाहिर की खुशी
Advertisement