क्रिकेट की दुनिया में जय शाह का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना चेयरमैन नियुक्त किया है। बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी और उन्हें निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुन लिया गया।
नई दिल्ली। क्रिकेट की दुनिया में जय शाह का दबदबा एक बार फिर देखने को मिला है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को लगातार दूसरी बार अपना चेयरमैन नियुक्त किया है। बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर सहमति बनी और उन्हें निर्विरोध दूसरे कार्यकाल के लिए चुन लिया गया। उनके सामने कोई चुनौती देने वाला नहीं था। जय शाह पहली बार 2024 में ICC चेयरमैन चुने गए थे। तब भी उनका निर्विरोध ही चुनाव हुआ था। उन्होंने ग्रेग बार्कले की जगह यह जिम्मेदारी संभाली थी। बार्कले ने तीसरे कार्यकाल के लिए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था।
ICC के सबसे युवा चेयरमैन बने थे जय शाह
जय शाह ने 2024 में ICC की कमान संभालकर इतिहास रचा था। वह इस वैश्विक क्रिकेट संस्था के सबसे युवा चेयरमैन बने थे। वह ICC का नेतृत्व करने वाले पांचवें भारतीय हैं। उनसे पहले जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन श्रीनिवासन और शशांक मनोहर इस पद पर रह चुके हैं। 38 साल के जय शाह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। साल 2019 में वह BCCI के सबसे युवा मानद सचिव बने थे।
BCCI में कई बड़े बदलावों से जुड़ा रहा कार्यकाल
BCCI में जय शाह के कार्यकाल के दौरान भारतीय क्रिकेट में कई अहम फैसले हुए। IPL के मीडिया राइट्स की रिकॉर्ड डील, महिला प्रीमियर लीग (WPL) की शुरुआत, अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना और टेस्ट क्रिकेट इंसेंटिव स्कीम जैसे बड़े कदम इसी दौर में उठाए गए। क्रिकेट प्रशासन में उनका सफर 2009 में जिला और राज्य स्तर से शुरू हुआ था। इसके बाद उन्होंने गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन में अलग-अलग जिम्मेदारियां संभालीं और धीरे-धीरे प्रशासनिक भूमिका में आगे बढ़ते गए।
ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी पर रहेगा खास फोकस
दूसरे कार्यकाल में जय शाह के सामने क्रिकेट को दुनिया के नए हिस्सों तक पहुंचाने और इसके व्यावसायिक विकास को आगे बढ़ाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी इस दिशा में एक बड़ा मौका मानी जा रही है। इसके जरिए खेल को नए दर्शकों और युवा खिलाड़ियों तक पहुंचाने की कोशिश होगी। ICC की योजना महिला क्रिकेट को मजबूत करने, एसोसिएट देशों को ज्यादा मौके देने और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की विश्वसनीयता बनाए रखने पर भी ध्यान देने की है।
दूसरी पारी पर क्या बोले?
दूसरी बार ICC चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह (ICC Chairman Jay Shah) ने बोर्ड के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को संभालना उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर के सदस्य देशों के साथ मिलकर क्रिकेट के हित में काम करना जारी रखेंगे। जय शाह ने कहा कि क्रिकेट इस समय अपने इतिहास के सबसे अहम दौर में प्रवेश कर रहा है।2028 ओलंपिक में खेल की वापसी इसे नई पहचान दिलाने और नई पीढ़ी को क्रिकेट से जोड़ने का बड़ा अवसर है। उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना ही काफी नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों, प्रशंसकों और खेल से जुड़े सभी लोगों के लिए क्रिकेट का भविष्य मजबूत और टिकाऊ बनाना भी जरूरी है। जय शाह ने भरोसा जताया कि ICC बोर्ड और सदस्य देशों के सहयोग से क्रिकेट को आगे बढ़ाने की योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा।