सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पांचों दोस्त आगरा से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। नागल थाना क्षेत्र में बेलड़ा गोल चक्कर के पास उनकी थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पढ़ें :- मां शाकंभरी देवी के दर्शन के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार हो लौटे रहे थे श्रद्धालु, कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर, 4 की मौत और 12 घायल
हादसे में साहिल तिवारी (25), राहुल सिंह (25) और सक्षम गौतम (22) की जान चली गई। सचिन और हेमंत वर्मा घायल हैं। दोनों चचेरे भाई हैं और जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
तेज धमाके के बाद पलटी मिली थार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा रविवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। तेज रफ्तार थार बेलड़ा गोल चक्कर के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि गाड़ी पलटी हुई थी और उसके शीशे टूटकर सड़क पर बिखरे पड़े थे। बताया गया कि हादसे के दौरान दो युवक पुल के नीचे जा गिरे थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। पुल के नीचे गिरे युवकों को भी निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन दोस्तों को मृत घोषित कर दिया।
घायल दोस्त ने बताया हादसे से पहले क्या हुआ
पढ़ें :- Video-दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गाड़ी बैक करना पड़ा भारी, गंगा स्नान से लौट रहे परिवार के चार लोगों की मौत
घायल सचिन के मुताबिक पांचों दोस्त शनिवार रात करीब 9 बजे आगरा से निकले थे। थार हेमंत चला रहा था और सचिन उसके बगल में बैठा था। पीछे की सीट पर राहुल, सक्षम और साहिल बैठे थे। सचिन ने बताया कि हादसे के समय वह सो रहा था। जब उसकी आंख खुली तो उसने खुद को सड़क पर पड़ा पाया। उसे बाद में दुर्घटना की जानकारी हुई। सचिन ने बताया कि राहुल एक निजी अस्पताल में कंपाउंडर था, जबकि सक्षम सनफार्मा क्लासिक कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करता था। सचिन नोएडा में नौकरी करता है और दशहरे की छुट्टी पर घर आया था।
पोस्टमॉर्टम हाउस में परिवारों का बुरा हाल
हादसे की खबर मिलने के बाद मृतकों के परिजन सहारनपुर पहुंचे। राहुल और सक्षम के पिता पोस्टमॉर्टम हाउस में बेटों के शव देखकर फूट-फूटकर रो पड़े। वहीं साहिल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता सेना में कार्यरत हैं और माता-पिता दिल्ली में रहते हैं। साहिल अपने मामा के साथ रहता था।
एसपी ट्रैफिक शैलेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि नागल क्षेत्र में थार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शुरुआती जानकारी में तेज रफ्तार हादसे की वजह मानी जा रही है। हालांकि गाड़ी अनियंत्रित कैसे हुई, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।