Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. घुसपैठ और तस्करी पर नकेल—सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी चौकसी

घुसपैठ और तस्करी पर नकेल—सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की कड़ी चौकसी

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं। महराजगंज जिले से सटी करीब 84 किलोमीटर लंबी सीमा पर विशेष निगरानी तेज कर दी गई है। संभावित अवैध घुसपैठ, हथियारों व मादक पदार्थों की तस्करी और नकदी के अवैध आवागमन को रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पढ़ें :- Cough Syrup Case : कफ सिरप कांड के सरगना शुभम जायसवाल के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस, जल्द हो सकती है गिरफ्तारी

नेपाल से भारत में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की गहन तलाशी के साथ-साथ उनके सामान की भी बारीकी से जांच की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे, सीसीटीवी और नाइट विजन उपकरणों की मदद से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है।

सीमा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त पेट्रोलिंग और अधिक मजबूत कर दी गई है। चौबीसों घंटे जारी सतर्कता के बीच गोरखपुर के डीआईजी एस. चनप्पा, महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी और जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सोनौली बॉर्डर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण किया। इस दौरान नेपाल के सुरक्षा और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे तथा दोनों देशों के बीच समन्वय बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

उच्चस्तरीय बैठक में जिलाधिकारी ने साफ कहा कि चुनावी अवधि में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीमा पर तैनात सभी एजेंसियों को सूचना साझेदारी, संयुक्त कार्रवाई, और रूट मार्च को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सीमा क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भारत-नेपाल सीमा पर तैनात टीमें पूरी चौकसी के साथ हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान माहौल पूरी तरह शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष बना रहे।

पढ़ें :- योगी सरकार ने 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई जिलों में दी नई तैनाती, देखें पूरी लिस्ट

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

Advertisement