Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नेपाल–भारत सीमा पर सुरक्षा में सेंध! बैरिया बाजार से संदिग्ध विदेशी महिला गिरफ्तार,चीनी नागरिक होने की आशंका

नेपाल–भारत सीमा पर सुरक्षा में सेंध! बैरिया बाजार से संदिग्ध विदेशी महिला गिरफ्तार,चीनी नागरिक होने की आशंका

By विजय चौरसिया 
Updated Date

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल–भारत अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र के नौतनवा थाना अंतर्गत बैरिया बाजार में एक संदिग्ध महिला को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते हुए ग्रामीणों की सतर्कता से पकड़ा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की, जिससे सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।

पढ़ें :- अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर रही चीन की महिला गिरफ्तार,विदेशी अधिनियम में भेजी गई जेल

पुलिस के अनुसार हिरासत में ली गई महिला की उम्र लगभग 37 वर्ष बताई जा रही है और उसने अपना नाम हुजिए बताया है। प्रारंभिक जांच में महिला ने स्वयं को तिब्बत निवासी बताया है, हालांकि पुलिस को उसके चीनी नागरिक होने की भी प्रबल आशंका है। महिला के पास भारत में प्रवेश से संबंधित कोई वैध दस्तावेज—पासपोर्ट या वीजा—नहीं पाए गए हैं।

ग्रामीणों की सतर्कता से खुला मामला

स्थानीय ग्रामीणों ने महिला को नेपाल से भारत की ओर आते देखा और संदेह होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों की तत्परता के कारण ही अवैध घुसपैठ का यह मामला उजागर हो सका।

चीनी भाषा के ट्रांसलेटर के साथ होगी पूछताछ

पढ़ें :- यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर सपा में बड़े फेरबदल की तैयारी, मकर संक्रांति के बाद होगी सर्जरी

सोनौली अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में चीनी भाषा के अनुवादक की सुविधा न होने के कारण पुलिस ने एक विशेष टीम को बुलाया है, जिसमें चीनी भाषा का ट्रांसलेटर शामिल है। पुलिस का कहना है कि ट्रांसलेटर की मौजूदगी के बाद ही महिला से गहन पूछताछ संभव हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल (SSB) और स्थानीय पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है। नेपाल–भारत की खुली सीमा को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

पुलिस महिला से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह भारत किस उद्देश्य से आई थी, उसका यात्रा मार्ग क्या रहा और वह किन लोगों के संपर्क में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ पूरी होने के बाद ही मामले का पूरा खुलासा और आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।

पढ़ें :- अयोध्या राम मंदिर में नमाज पढ़ने की कोशिश नाकाम, कश्मीरी शख्स गिरफ्तार, रोकने पर समुदाय विशेष के लगाए नारे
Advertisement