पुणे: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि मजबूत करने के लिए पीएम लगातार काम कर रहे हैं। पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम में पवार ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन जब देश के सम्मान और प्रतिष्ठा की बात हो तो सभी दलों को एकजुट होकर सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी विचारधारा अलग हो, लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में मोदी भारत की वैश्विक पहचान मजबूत करने में पूरी मेहनत कर रहे हैं। पवार ने नेताओं से अपील की कि राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।
पढ़ें :- Viral Video: कीचड़ भरी सड़क पर खड़ी मासूम बच्ची ने सीएम को दी धमकी, बोली- सड़क बनवा दो, वरना कुर्सी से हटवा दूंगी, मैं स्कूल नहीं जा पा रही हूं
अपने संबोधन के दौरान पवार ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि 1958 में तीन मूर्ति भवन में नेहरू से मुलाकात उनके जीवन के यादगार पलों में से एक थी। पवार ने कहा कि नेहरू के व्यक्तित्व का उन पर इतना असर पड़ा कि वे अपने तैयार किए गए सारे सवाल तक पूछना भूल गए। उन्होंने इंदिरा गांधी के सोवियत संघ दौरे का भी उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा भारत की गरिमा को सर्वोपरि रखा। पवार ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री का सम्मान पूरे देश का सम्मान होता है। गौरतलब है कि इससे पहले भी पवार कई मौकों पर पीएम मोदी की कार्यशैली और प्रशासनिक क्षमता की सराहना कर चुके हैं।