Sheikh Hasina Congratulates Suvendu Adhikari : पश्चिम बंगाल का नया सीएम बनने पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी को देश-विदेश से बधाई मिल रही है। इस कड़ी में बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना ने बंगाल के सीएम के रूप में शपथ ग्रहण करने पर अधिकारी को बधाई दी है। शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की ओर से भी एक बयान जारी किया गया है।
पढ़ें :- पीएम मोदी ने खुले मंच से जिस बुजुर्ग का छुआ पैर, जानिए BJP को खड़ा करने में उनका कितना बड़ा योगदान
शेख हसीना की पार्टी की ओर से जारी बयान के अनुसार, अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने शुवेंदु अधिकारी को भारत के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री चुने जाने पर बधाई दी। शेख हसीना ने अपने बधाई संदेश में कहा, “मैं अपनी ओर से और बांग्लादेश की जनता की ओर से, भारत में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की भारी जीत और राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने पर सुभेंदु अधिकारी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं।”
बयान के आगे कहा गया है- “पश्चिम बंगाल की जनता का यह फैसला शुवेंदु अधिकारी के सशक्त और जनहितैषी नेतृत्व के प्रति उनके गहरे प्रेम की अभिव्यक्ति है। बांग्लादेश और भारत के बीच सच्ची मित्रता के इतिहास में पश्चिम बंगाल की एक अनूठी भूमिका है। मेरा मानना है कि उनके नेतृत्व में, भाषा, संस्कृति और पारंपरिक संबंधों पर आधारित हमारा यह साझा रिश्ता भविष्य में नई ऊंचाइयों को छुएगा।”
“पड़ोसी होने के नाते, हम पश्चिम बंगाल की समृद्धि और शांति की हमेशा कामना करते हैं। मुझे आशा है कि श्री सुभेंदु अधिकारी के कार्यकाल में हमारे बीच आपसी सहयोग की लंबी परंपरा और भी तीव्र होगी और हम दोनों बंगाल के लोगों के साझा विकास और कल्याण के लिए साझेदार के रूप में काम करते रहेंगे।” हसीना ने यह भी कहा, “मैं सुभेंदु अधिकारी और पश्चिम बंगाल के सभी नव निर्वाचित मंत्रियों की निरंतर सफलता, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करती हूं, और पश्चिम बंगाल के सभी नागरिकों को अपनी शुभकामनाएं देती हूं।”
पढ़ें :- शुवेंदु कल बनेंगे बंगाल के अधिकारी, सुबह 11 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, चुने गए विधायक दल के नेता
बांग्लादेश अवामी लीग की केंद्रीय कार्यकारी परिषद ने बधाई संदेश में कहा, “पश्चिम बंगाल की जनता का फैसला शुवेंदु अधिकारी के सशक्त नेतृत्व की अनूठी मान्यता है। हमें पूरा विश्वास है कि बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के बीच साझा इतिहास, भाषा और संस्कृति से जुड़े संबंध इस नई यात्रा में नई ऊंचाइयों को छुएंगे।” बयान में आगे कहा गया कि पड़ोसी देश के रूप में बांग्लादेश का भारत के साथ वास्तविक मित्रता और सहयोग का लंबा इतिहास रहा है। पश्चिम बंगाल की नव निर्वाचित सरकार के कार्यकाल में यह द्विपक्षीय संबंध और आपसी विकास की गति और भी तेज होगी।
“बांग्लादेश अवामी लीग सुभेंदु अधिकारी और मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती है, और पश्चिम बंगाल की जनता के लिए निरंतर शांति और समृद्धि की कामना करती है।”