Patna coaching controversy : पटना कोचिंग विवाद और फायरिंग मामले में पटना के जिला एवं सेशन कोर्ट ने फैजल खान (खान सर) को गिरफ्तारी पर रोक को बरकरार रखा है। शनिवार को कोर्ट में खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई। इस दौरान पटना पुलिस ने केस डायरी कोर्ट को सौंपी है। इस मामले में अगली सुनवाई 25 जून को होगी, तब तक खान सर को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकेगी।
पढ़ें :- Khan Sir Coaching Row : रोशन आनंद सर के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में मौत, खान सर कोचिंग विवाद में FIR के बाद था फरार
दरअसल, बीते 2 जून की रात पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर खान ग्लोबल स्टडीज पर कुछ लोगों ने हमला किया था, जिसके आरोप में ज्ञान बिंदु कोचिंग के मालिक रौशन आनंद जेल में बंद हैं। हमले के दौरान खान सर के दो गार्ड की ओर से हवाई फायरिंग का वीडियो सामने आया था। जिसके बाद पुलिस ने दोनों गार्ड को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था और खान सर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
खान सर (फैजल खान) ने अपने खिलाफ एफ़आईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका की अर्जी लगाई थी। पिछली सुनवाई में कोर्ट ने पुलिस से केस डायरी के साथ ही फैजल खान के आपराधिक इतिहास की जानकारी मांगी थी। जिसके बाद पुलिस ने केस डायरी को अपडेट कर शनिवार को उसे कोर्ट में जमा किया है।
इस मामले में वकील अरविंद कुमार महुआर का कहना है कि “सुनवाई हो चुकी है और केस चल रहा है। पुलिस ने रिपोर्ट जमा कर दी है और उसे रिव्यू के लिए पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (PP) को सौंप दिया है। रिव्यू के बाद, PP इसे 23 तारीख को वापस करेंगे और 25 तारीख को आखिरी सुनवाई होगी। गिरफ्तारी पर लगी रोक बढ़ा दी गई है। इसमें तीन और स्टाफ सदस्य शामिल थे, जिनमें से एक ने काउंटर-केस दर्ज कराया है। इन सभी मामलों की सुनवाई एक साथ होगी।”