नई दिल्ली। ‘राइज एंड फॉल 2’ (Rise and Fall 2) की शुरुआत हो चुकी है। वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) इस बार इसे होस्ट कर रहे हैं। शनिवार को अपने प्रीमियर पर ही शो ने खूब सुर्खियां बटोरी हैं। बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) ने शो में बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है। दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान उन्होंने अपने अंदाज में ‘बॉडी शेमिंग’ करने वालों को करारा जवाब दिया है। स्वरा ने शो में पर्पल रंग (Purple color) की साड़ी पहनकर एंट्री ली। खास बात यह कि उनके ब्लाउज पर बड़े-बड़े अक्षरों में ‘मोटी’ (Moti) लिखा हुआ था। जब सहवाग ने यह लिखवाने के पीछे की वजह पूछी, तो स्वरा ने कहा कि पिछले तीन साल से, बेटी के जन्म के बाद उन्हें उनके बढ़े वजन को लेकर ट्रोल किया जा रहा है।
पढ़ें :- स्वरा भास्कर बोलीं-राम जन्मभूमि विवाद पर SC का फैसला सुनाने के बाद शाहरुख, आमिर, सलमान खान समेत अपने सभी मुस्लिम दोस्तों से मांगी थी माफी
स्वरा ने शो में अपने ‘मोटी’ टैग को गर्व के साथ अपनाया और उन ट्रोलर्स को जवाब दिया, जो उनके शरीर और वजन को लेकर उन्हें अलग-अलग नामों से ट्रोल करते रहे हैं। उन्होंने बताया कि किस तरह सोशल मीडिया पर अजनबियों ने उन्हें ‘मोटी’, ‘भैंस’, ‘गाय’, ‘हिप्पो’ और ‘हाथी’ तक कहा। कुछ महीने पहले भी स्वरा ने अपने पोस्टपार्टम बॉडी को लेकर ट्रोलिंग पर खुलकर बात की थी।
‘मोटी’ लिखे ब्लाउज में शो में पहुंचीं स्वरा भास्कर
राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन में बतौर कंटेस्टेंट पहुंचीं स्वरा भास्कर ने पर्पल रंग की साड़ी के साथ ऐसा ब्लाउज़ पहना, जिस पर बड़े अक्षरों में ‘मोटी’ लिखा था। शो में उन्होंने वीरेंद्र सहवाग को बताया कि यह उनके लिए सिर्फ एक शब्द नहीं, बल्कि पिछले तीन सालों में झेली गई ट्रोलिंग का जवाब है। स्वरा ने कहा कि मेरी बेटी तीन साल की है और तीन साल से लोगों ने, अजनबियों ने, जिन्हें मैं बिल्कुल नहीं जानती, सोशल मीडिया पर और दूसरी जगहों पर मुझे ट्रोल किया है।
ट्रोलर्स को स्वरा भास्कर ने ऐसे दिया जवाब
बेटी के जन्म के बाद बढ़े वजन को लेकर मिलने वाले कमेंट्स के बारे में बात करते हुए स्वरा ने कहा कि ‘मोटी हो गई है, भैंस हो गई है, गाय हो गई है, हिप्पो हो गई है, हाथी हो गई है। मैंने कहा कि मैं ये सब हो गई हूं। अब मैं आपके इन सभी शब्दों को स्वीकार करती हूं और उन्हें अपनाती हूं। इस तरह स्वरा ने अपने शरीर को लेकर की जाने वाली ट्रोलिंग का जवाब उसी भाषा में देने का फैसला किया, जिसका इस्तेमाल लोग उनके खिलाफ करते रहे हैं।
पढ़ें :- Padmaavat Controversy: जीभ काटने वाले को ₹1.51 लाख का इनाम, जौहर पर स्वरा भास्कर की टिप्पणी से बवाल
पोस्टपार्टम वेट को लेकर पहले भी बोली थीं स्वरा
इस साल मई में स्वरा ने सोशल मीडिया पर 2018 की अपनी एक तस्वीर शेयर की थी, जिस पर उन्हें वजन को लेकर कई असंवेदनशील कमेंट्स का सामना करना पड़ा। उस वक्त उन्होंने लिखा था,कि यह एक ऐसी बात है जिस पर मैं बार-बार अपनी बात कहूंगी! पिछले कुछ सालों में मुझे जिस तरह के गुस्से और नफरत का सामना करना पड़ा है, क्योंकि बच्चे के जन्म के बाद मेरा शरीर बदल गया है और क्योंकि मैं इंटरनेट पर मौजूद अजनबियों की तय समय-सीमा के हिसाब से वजन कम करने से इनकार करती हूं यह बहुत अजीब है। मैं यह बार-बार कहना चाहती हूं। महिलाओं के शरीर का मकसद सिर्फ सेक्सुअलाइजेशन या ग्लैमर के लिए कपड़े टांगने का जरिया बनना नहीं है।’
‘बाउंस बैक’ करने के दबाव पर भी बोली थीं एक्ट्रेस
स्वरा ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा था, ‘बच्चे के जन्म के बाद , मैंने बाउंस बैक न करने का फैसला किया। क्योंकि एक बार जब आप माता-पिता बन जाते हैं, तो आप पीछे नहीं लौट सकते; आप जिंदगी भर माता-पिता ही रहते हैं। जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है, और यह ठीक है। बेशक, हम अपनी पुरानी जिंदगी, अपने युवा और आजाद रूप, और अपने पतले और सुडौल शरीर को याद करते हैं, लेकिन बिना सोचे-समझे अपने युवा और पतले रूप को ही आदर्श मानते रहना अपने शरीर पर बाउंस बैक करने या अतीत के उन रूपों में फिट होने का दबाव डालना जो अब नहीं रहे एक तरह की क्रूरता है।’
‘राइज एंड फॉल 2’ में ये कंटेस्टेंट भी हैं शामिल
‘राइज एंड फॉल’ के दूसरे सीजन को वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं और इसे ‘Prime Video’ और ‘MX Player’ पर देखा जा सकता है। शो के नए एपिसोड हर दिन दोपहर 12 बजे स्ट्रीम होते हैं। स्वरा भास्कर के अलावा करण पटेल, तेज प्रताप यादव, प्रियंका चाहर चौधरी, गौतम गुलाटी, शहजाद पूनावाला, सिवेट तोमर, कायरा अनु, मनीष कश्यप, काजल राघवानी, निहारिका तिवारी, सारा गुरपाल, राज ग्रोवर, इरीना रुदाकोवा और अनीश भागा भी शो के कंटेस्टेंट हैं।