Honda’s first electric SUV in India : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इसी कड़ी में जापानी कंपनी होंडा (Honda) ने भारत में अपनी पहली इलेक्ट्रिक एसयूवी की टेस्टिंग शुरू कर दी है। कंपनी की भारतीय इकाई Honda Cars India Limited (HCIL) ने इस अपकमिंग बैटरी इलेक्ट्रिक व्हीकल (BEV) को राजस्थान के टपूकड़ा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट से टेस्ट रन के लिए फ्लैग ऑफ किया है।
पढ़ें :- 7 एयरबैग की सेफ्टी और 25 अपडेट्स के साथ Hyundai की सबसे सुरक्षित कार लॉन्च, इतनी है कीमत
यह इलेक्ट्रिक एसयूवी उसी कॉन्सेप्ट पर आधारित है जिसे (Japan Mobility Show 2025) में Honda 0 Alpha के नाम से पेश किया गया था। कंपनी की योजना इसे वित्त वर्ष 2026-27 तक भारतीय बाजार में लॉन्च करने की है। खास बात यह है कि इस एसयूवी का उत्पादन भारत में ही किया जाएगा और यहां से इसे दूसरे देशों में भी निर्यात किया जाएगा।माना जा रहा है कि इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 20 लाख रुपये हो सकती है और सिंगल चार्ज में इसकी रेंज लगभग 500 किलोमीटर तक मिल सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह मिडसाइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में मजबूत दावेदार बन सकती है।
भारतीय बाजार में पहले से ही Tata Motors, Mahindra & Mahindra, MG Motor India, Hyundai और Maruti Suzuki जैसी कंपनियां इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में मौजूद हैं। ऐसे में होंडा की एंट्री से प्रतिस्पर्धा और तेज होने की उम्मीद है। कंपनी के अनुसार इस इलेक्ट्रिक एसयूवी की टेस्टिंग अलग-अलग सड़क और मौसम की परिस्थितियों में की जाएगी। इसमें हाईवे, सिटी ट्रैफिक और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर गाड़ी की परफॉर्मेंस को परखा जाएगा। साथ ही भीषण गर्मी और मानसून के दौरान इसकी ड्यूरैबिलिटी, राइड कंफर्ट, हैंडलिंग और चार्जिंग परफॉर्मेंस का भी आकलन किया जाएगा।
इस मौके पर होंडा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रेसिडेंट और सीओ Takashi Nakajima ने कहा कि पूरे भारत में पब्लिक रोड पर टेस्टिंग शुरू होना कंपनी के इलेक्ट्रिफिकेशन मिशन की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि भारत की ड्राइविंग और मौसम की परिस्थितियां अलग हैं, इसलिए वाहनों को वास्तविक परिस्थितियों में परखना जरूरी है। कंपनी का लक्ष्य ग्राहकों के लिए भरोसेमंद, आरामदायक और आसानी से चलने वाली इलेक्ट्रिक एसयूवी पेश करना है।
रिपोर्ट: हर्ष गौतम