Cricket News : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सबसे काले अध्याय में से एक 2018 का ‘सैंडपेपर कांड’ एक बार फिर सुर्खियों में है। जिसकी वजह ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की ओर से किया गया दावा है, जो उस समय टीम का हिस्सा थे। ख्वाजा ने खुलासा किया था कि सैंडपेपर इस्तेमाल की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। अब इस दावे को मजबूती डेविड वॉर्नर की ताजा टिप्पणी से मिली है। वॉर्नर जिन पर बॉल टेम्परिंग का आरोप लगा था, उन्होंने ख्वाजा के बयान को 100 प्रतिशत सही बताया है।
पढ़ें :- गंभीर ने अगरकर की विदाई पर लिखा भावुक पोस्ट, कहा- इतिहास आपको हमेशा अच्छे नज़रिए से देखेगा
उस्मान ख्वाजा के बयान की सबसे ज्यादा चर्चा इसलिए भी है, क्योंकि ये 2021 में ऑस्ट्रेलिया के चार प्रमुख गेंदबाजों – पैट कमिंस, मिशेल स्टार्क, जोश हेज़लवुड और नाथन लियोन की ओर से जारी किए गए उस संयुक्त बयान के उलट हैं, जिसमें उन्होंने बॉल से छेड़छाड़ के बारे में पहले से कोई जानकारी होने से इनकार किया था। सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड के सामने ख्वाजा के खुलासों ने क्रिकेट जगत में एक नई हलचल मचा दी है। टेस्ट मैच के दौरान बैंक्रॉफ्ट के ठीक बगल में बैठे होने के बावजूद, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा जांच के समय अपना इंटरव्यू न लिए जाने पर ख्वाजा ने हैरानी जताई थी। वॉर्नर ने भी यही बात दोहराई और बोर्ड की जांच प्रक्रिया की कड़ी आलोचना की; इस जांच के नतीजे के तौर पर स्मिथ, बैंक्रॉफ्ट और खुद वॉर्नर को सस्पेंड कर दिया गया था।
रविवार [9 नवंबर] को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, वॉर्नर ने ‘सच’ सामने लाने के लिए ख्वाजा को धन्यवाद दिया। साथ ही, उन्होंने उन विचारों को भी खारिज कर दिया जिनमें कहा जा रहा था कि ख्वाजा ने ये बातें अपनी आने वाली आत्मकथा ‘सब्र’ (Sabr) को बेचने के लिए बताई हैं। वॉर्नर ने कहा, “उज़ी, मैं पूरी तरह से तुम्हारे साथ हूँ। तुमने जो किया है, उसके लिए मैं तुम्हें धन्यवाद देता हूँ। तुमने जो भी कहा है, वह 100 प्रतिशत सच है। अब सबको सच पता चल गया है, यह सबके सामने आ गया है।”
वार्नर ने कहा, “पूरा इंटरव्यू प्रोसेस बहुत जल्दबाजी में और खराब तरीके से किया गया। उज्जी, कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बगल में बैठे थे। उज्जी का इंटरव्यू ही नहीं लिया गया। इसे एक पूरी जांच कैसे माना जा सकता है? मुझे तो यह समझ ही नहीं आता।” उन्होंने आगे कहा, “हम यहाँ किसी पर उंगली उठाने या अपने पुराने घावों को फिर से कुरेदने नहीं आए हैं। यह जवाबदेही और पारदर्शिता की बात है। हमें यह सुनिश्चित करना है कि सच की ठीक से जांच हो। शायद अब समय आ गया है कि लोग किसी व्यक्ति पर सवाल उठाने या उससे जवाब मांगने के बजाय, जांच के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब मांगें।”
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ओपनर ने कहा कि पिछले आठ सालों में इस घटना को लेकर मीडिया में कई तरह के “बयान दिए गए और गलत बातें” सामने आईं। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले पर खुलकर बात करने से पहले उन्होंने कुछ दिन का समय लिया, ताकि वे अपनी बेटियों से बात कर सकें और उन्हें समझा सकें कि उस टेस्ट मैच के बाद क्या-क्या हुआ था। इस दौरान, वार्नर अपने परिवार के साथ घर लौटते हुए कैमरे में भावुक नजर आए।
पढ़ें :- IND vs PAK : भारत ने पाकिस्तान को दिया 212 रनों का विशाल लक्ष्य, अभिषेक-तिलक की तूफानी फिफ्टी
वार्नर ने कहा, “मुझे उन्हें सब कुछ सच-सच बताना पड़ा – खासकर अपनी 12 साल की बेटी आइवी को। वह जानना चाहती थी कि हम उसे क्यों पकड़े हुए हैं, वहां इतने सारे कैमरे क्यों हैं, और हम टीवी पर क्यों रो रहे हैं। यह सब बताना बहुत मुश्किल था, लेकिन मैंने उनसे बस एक ही बात कही – ‘बेटियों, हमेशा सच बोलना, क्योंकि झूठ कभी न कभी सामने आ ही जाता है’।” वार्नर ने कहा कि इस घटना को फिर से सामने लाना उनके परिवार, और साथ ही स्मिथ और बैनक्रॉफ्ट के लिए भी एक बहुत मुश्किल दौर था, लेकिन उनका मानना है कि “सच का सामने आना जरूरी था।”