Prince Yadav clean bowled Kohli : इकाना क्रिकेट स्टेडियम में गुरुवार को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर सीजन की तीसरी जीत दर्ज की। टीम की इस जीत में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव का बड़ा योगदान रहा, जिन्होंने आरसीबी के बल्लेबाजों को रन बनाने का मौका नहीं दिया। इस दौरान प्रिंस ने जब विराट कोहली को शून्य बोल्ड आउट किया तो मैदान पर लखनऊ के फैंस की खुशी ठिकाना नहीं रहा, क्योंकि कोहली मौजूदा समय में जबर्दस्त फॉर्म से गुजर रहे हैं। वहीं, प्रिंस ने कोहली आउट करने का श्रेय खुद उन्हें ही दिया है।
पढ़ें :- ऋषभ पंत से छीनी जा सकती है LSG की कप्तानी ?: इशारों-इशारों में टीम डायरेक्टर टॉम मूडी ने दिये संकेत
दरअसल, मैच के बाद प्रिंस यादव से जब विराट कोहली के विकेट को लेकर सवाल किया गया। उनसे पूछा गया कि विराट के खिलाफ गेंदबाजी का क्या पहले से कोई प्लान था? इस पर लखनऊ के युवा तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्होंने कोहली द्वारा दी गई सलाह का पालन करते हुए एक ही लेंथ पर गेंदबाजी की। प्रिंस ने 140.4 किमी/घंटा की रफ्तार वाली इनस्विंगर पर कोहली को क्लीन बोल्ड करने को अपने करियर का सपना बताया। उन्होंने कहा, “प्लान बिलकुल यही था, लास्ट मैच में जब मैं विराट भैया से बात कर रहा था तो उन्होंने ही मेरे को यह बात बोली थी कि जब तक गेंद हरकत कर रही तब तक अपनी लेंथ नहीं छोड़नी है। वही मैंने किया और रिजल्ट मिल गया विकेट के रूप में…”
बता दें कि बारिश से प्रभावित 19 ओवर के इस मैच में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श की शतकीय पारी के बदौलत 3 विकेट के नुकसान 209 रन बनाए थे। जिसके जवाब में आरसीबी की शुरुआत बेहद खराब रही जैकब बेथेल 4 और विराट कोहली शून्य पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान रजत पाटीदार और टिम डेविड ने आक्रामक पारी खेली, लेकिन उनके आउट होने के बाद आरसीबी लक्ष्य तक पहुंचने में नाकाम रही। टीम को 9 रन से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, एलएसजी के लिए प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल और जीतेश शर्मा को आउट करने आरसीबी के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ दी।