Kishtwar News : जम्मू-कश्मीर में बुधवार को दो बड़ी घटनाएं घटीं। जिसमें कुलगाम में कथित तौर पर बाइक सवार आतंकियों ने CRPF की चेक पोस्ट को निशाना बनाया। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। जबकि हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहे। जबकि दूसरी तरफ, किश्तवाड़ में 17 RR (राष्ट्रीय राइफल्स) के दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दोनों ऑफिसर लापता हो गए थे।
पढ़ें :- वक्फ बोर्ड की खुतबा पहल पर उमर अब्दुल्ला का BJP पर हमला, बोले- धार्मिक मामलों में दखल बर्दाश्त नहीं
जानकारी के अनुसार, दच्चन के कियार गांव में स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) में पदस्थ बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) बुधवार को अपने शिविर से धारणा-मड़वा स्थित सेना की चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे। शुरुआत में दोनों ऑफिसर के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन बाद में वे ‘स्विच ऑफ’ हो गए। जिसके बाद दोनों को ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जंगली इलाकों और दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन के जरिये उनकी तलाश की गयी। इसके साथ ही खोजी कुत्तों से लैस विशेष दलों को तैनात किया गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान दोनों ही पुलिस अधिकारियों के शव बरामद किए गए, जोकि गोलियों से छलनी थे। लेकिन, दोनों ऑफिसर के पास से उनके हथियार नहीं मिले। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई और इन ऑफिसर की हत्या करने वालों का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि किश्तवाड़ आतंकवाद विरोधी अभियानों का एक प्रमुख केंद्र रहा है, जहां सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के सफाए काम कर रहे हैं। आशंका जताई जा रहा है कि आतंकियों ने बदला लेने के लिए इन स्पेशल पुलिस ऑफिसर की हत्या की हो।