उकडीचे मोदक: गणेश चतुर्थी के मौके पर भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है। मोदक को बप्पा का प्रिय प्रसाद माना जाता है। वैसे तो बाजार में कई तरह के मोदक मिलते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के मशहूर उकडीचे मोदक का स्वाद और तरीका दोनों ही खास हैं। चावल के आटे से तैयार होने वाले इन मोदक में नारियल और गुड़ की मिठास होती है और इन्हें तलने के बजाय भाप में पकाया जाता है। अगर आप इस गणेश चतुर्थी पर घर में ही बप्पा के लिए मोदक बनाना चाहते हैं, तो उकडीचे मोदक एक बेहतरीन विकल्प हैं।
पढ़ें :- Amravati's Unique Chocolate Ganesha : चॉकलेट से बने अनोखे गणपति देखने उमड़ रही भीड़,विसर्जन में पर्यावरण-अनुकूल
ऐसे तैयार करें मोदक की स्टफिंग
सबसे पहले एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और उसमें खसखस को हल्का भून लें। इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल और बारीक गुड़ डालकर धीमी आंच पर पकाएं। जब गुड़ अच्छी तरह पिघल जाए और मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए, तो इसमें इलायची और जायफल पाउडर डालकर मिला लें। फिर गैस बंद करके स्टफिंग को ठंडा होने दें।
चावल के आटे से बनाएं कवर
अब एक बर्तन में पानी, थोड़ा दूध, घी और चुटकीभर नमक डालकर उबालें। पानी उबलने पर आंच धीमी करें और धीरे-धीरे चावल का आटा डालकर मिलाएं। इसे ढककर कुछ मिनट पकाएं। इसके बाद हल्का ठंडा होने पर आटे को अच्छी तरह गूंथकर नरम कर लें।
अब आटे की छोटी लोइयां बनाकर उन्हें कटोरी जैसा आकार दें। बीच में नारियल-गुड़ की स्टफिंग भरें और किनारों पर हल्की चुन्नट बनाते हुए ऊपर से बंद कर दें। आप चाहें तो मोदक का सांचा भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
भाप में पकाएं
तैयार मोदक को स्टीमर में रखें और ऊपर से हल्का पानी छिड़क दें। इन्हें करीब 10-12 मिनट तक भाप में पकाएं। जब मोदक अच्छी तरह पक जाएं, तो इन्हें निकालकर बप्पा को भोग लगाएं। गणेश चतुर्थी पर घर में बने गर्मागर्म उकडीचे मोदक न सिर्फ प्रसाद के लिए खास रहेंगे, बल्कि परिवार के साथ त्योहार का स्वाद भी दोगुना कर देंगे।