लखनऊ। लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन को उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत मिली है। इस जीत के बाद इंडिया गठबंधन के नेता काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। बीते दिनों राहुल गांधी रायबरेली में पहुंचे थे, जहां उन्होंने कहा कि अगर प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ती थीं तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव हार जाते। राहुल गांधी के इस बयान के बाद सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है।
पढ़ें :- वतन लौटे अपनों के पार्थिव शरीर, कुवैत अग्निकांड के 20 पीड़ितों के शव कोच्चि पहुंचे, गमगीन हुआ माहौल
अब सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक न्यूज चैनल से बातचीत करने के दौरान यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पर विवादित बयान दिया है। रिपोर्टर ने उनसे पूछा कि दो दिनों पहले राहुल-प्रियंका रायबरेली आए थे। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि, प्रियंका वाराणसी से चुनाव लड़ती तो प्रधानमंत्री हार जाते? इस सवाल पर ओपी राजभर ने कहा कि, उनकी पार्टी को कोई मना किया था क्या? भाजपा या फिर एनडीए की तरफ से उनको चुनाव लड़ने से कोई मना तो किया नहीं था? उनको लड़ना चाहिए था…अब तो चूक गए, उन्हें अब अगली बार की तैयारी करना होगा।
इस पर रिपोर्टर ने कहा कि, अजय राय भी कह रहें कि अगली बार प्रियंका गांधी चुनाव लड़ेंगी। इस पर ओपी राजभर ने कहा कि, उनका क्या होगा…इसके बाद कहा…तेरा क्या होगा कालिया? बता दें कि, उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन को सबसे ज्यादा सीटें मिलीं हैं। समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी।