लखनऊ। यूपी विधान परिषद चुनाव(MLC) के शुक्रवार को मतदान के चलते राजधानी लखनऊ में नर्सरी से लेकर 12 वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश रहेगा। बीएसए (BSA) और डीआईओएस (DIOS) ने डीएम के निर्देश पर गुरुवार को संयुक्त रूप से जारी आदेश में छुट्टी का अवकाश घोषित किया है। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खण्ड स्नातक एवं खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र (Lucknow Division Graduates’ and Teachers’ Constituencies of the Uttar Pradesh Legislative Council) का शुक्रवार को मतदान है। शहर के सभी प्राइमरी, यूपी बोर्ड के माध्यमिक, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त एवं सीबीएसई (CBSE) और आईसीएससीई (ICSE) और अन्य बोर्ड के स्कूलों में विशेष अवकाश घोषित किया गया है। बीएसए विपिन कुमार और डीआईओएस देवेन्द्र कुमार पाण्डेय (DIOS Devendra Kumar Pandey) ने आदेश में अधिकारियों को कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
पढ़ें :- यूपी में भारी बारिश के कारण आज इस जिले में स्कूल बंद, कई इलाकों में जलभराव
एमएलसी चुनाव के 121 मतदान केन्द्र तैयार
आपको बता दें कि लखनऊ में एमएलसी चुनाव (MLC Election) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी हो गयी हैं। 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान के लिए 121 मतदान केंद्र और 259 बूथ बनाए गए हैं। चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरे क्षेत्र को नौ जोन और 45 सेक्टर में बांटा गया है। गुरुवार को पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई हैं। चुनाव को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए 134 वाहनों की व्यवस्था भी की गई है। जिला प्रशासन के मुताबिक, मतदान प्रक्रिया के लिए 72 भारी और 62 हल्के वाहनों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कराने के साथ ही मतदान दलों की आवाजाही और चुनाव सामग्री की सुरक्षित वापसी पर भी नजर रखी जाएगी। मतदान सम्पन्न कराने के लिए कुल 1030 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गयी है।
स्नातक में 96 हजार से अधिक मतदाता
स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,16,491 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। छह अक्टूबर 2026 के आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 96,070 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 20,421 मतदाता हैं। स्नातक निर्वाचन के लिए 138 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 121 बूथ बनाए गए हैं।
पढ़ें :- UP Schools Closed : हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बीच एक बार फिर स्कूलों की बढ़ी छुट्टियां, इन जिलों के डीएम ने जारी किया आदेश
मतदान केंद्र के 100 मीटर दायरे में प्रचार प्रतिबंधित
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार नहीं किया जा सकेगा। इस दायरे में टेबल लगाने, पोस्टर-बैनर, झंडे, लाउडस्पीकर और प्रचार सामग्री के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। अनधिकृत वाहनों के प्रवेश और भीड़ जुटाने की भी अनुमति नहीं होगी। मतदान केंद्र के भीतर केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
पहचान पत्र के साथ पहुंचें मतदाता
मतदान के लिए मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। विकल्प के तौर पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट समेत आयोग की ओर से मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर पहचान स्थापित की जा सकेगी। मतदान समाप्त होने के बाद सीलबंद मतपेटियों और अन्य चुनाव सामग्री को सीधे रमाबाई रैली स्थल स्थित मतगणना केंद्र पहुंचाया जाएगा।