Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्रिकेट
  3. बिहार के लाल क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का TIME की सूची में छाया,आयुष्मान खुराना ने बांधे प्रशंसा के पुल

बिहार के लाल क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का TIME की सूची में छाया,आयुष्मान खुराना ने बांधे प्रशंसा के पुल

By santosh singh 
Updated Date

पटना। बिहार के लाल प्रतिभा का डंका देश-दुनिया पर बज रहा है। समस्तीपुर जिले के ताजपुर की धरती से निकले युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने एक बार फिर बिहार का नाम देश-दुनिया में रोशन किया है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वैभव को अब दुनिया की प्रतिष्ठित मैगजीन ‘टाइम’ की पहली ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ (TIME100 Next India) सूची में जगह मिली है। महज 15 साल की उम्र में हासिल इस उपलब्धि ने उन्हें देश की 100 उभरती प्रभावशाली हस्तियों की कतार में खड़ा कर दिया है। इस सूची में उनका नाम बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, अभिनेता आर्यन खान और अन्य चर्चित हस्तियों के साथ शामिल किया गया है।

पढ़ें :- Bollywood actresses Deepika Padukone and Alia : दीपिका की 8 घंटे की शिफ्ट की डिमांड का आलिया ने किया समर्थन, अन्य ज़रूरतों पर भी ज़ोर दिया

वैभव की इस उपलब्धि को खास बनाने वाली बात यह भी है कि बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना (Bollywood actor Ayushmann Khurrana) ने उनके क्रिकेट सफर और प्रतिभा पर विशेष आलेख लिखकर उनकी प्रतिभा को सराहा है। खुराना ने वैभव को नई पीढ़ी के बदलते भारत की पहचान बताया है। कभी समस्तीपुर के क्रिकेट मैदानों से अपने सफर की शुरुआत करने वाले इस युवा खिलाड़ी की चर्चा अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर हो रही है। बेटे की इस कामयाबी से पिता संजीव सूर्यवंशी भी फूले नहीं समा रहे हैं। उन्होंने मीडिया से खास बातचीत में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें अपने बेटे पर नाज है।

35 गेंदों में शतक जड़कर दुनिया को चौंकाया

वैभव की यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का नतीजा नहीं है। इसके पीछे मैदान पर लगातार शानदार प्रदर्शन और रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला है। आईपीएल 2025 में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 35 गेंदों में शतक पूरा कर इतिहास रच दिया था। 14 साल की उम्र में उन्होंने 38 गेंदों पर नाबाद 101 रन की पारी खेली थी। इसमें 11 छक्के और सात चौके शामिल थे। वह आईपीएल इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। उनकी इस पारी के बाद क्रिकेट जगत में उनकी प्रतिभा की चर्चा होने लगी।

इसके बाद 2026 के अंडर-19 विश्व कप में वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से एक और इतिहास रच दिया। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने 80 गेंदों पर 175 रन की तूफानी पारी खेली। इसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। उनकी इस पारी ने भारतीय टीम को छठी बार विश्व कप का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में 439 रन बनाकर उन्होंने अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाया। इतनी कम उम्र में विश्व कप जैसे बड़े मंच पर ऐसा प्रदर्शन उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रमाण बना।

पढ़ें :- चौथे टी20 मैच से टीम मैनेजमेंट ने पावरप्ले में 118 रन ठोककर इतिहास रचने वाली जोड़ी को किया आउट, रिजल्ट न्यूजीलैंड ने 87 रनों से हारा मुकाबला

पिता ने पहचानी प्रतिभा, बेटे के सपने के लिए किया संघर्ष

वैभव की कामयाबी के पीछे उनके पिता संजीव सूर्यवंशी का संघर्ष भी जुड़ा है। बेटे की क्रिकेट में रुचि को उन्होंने बचपन में ही पहचान लिया था। इसके बाद उसे बेहतर खिलाड़ी बनाने के लिए परिवार ने हर संभव प्रयास किया। प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए संजीव ने कई चुनौतियों का सामना किया। बेटे के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए परिवार ने पुश्तैनी जमीन तक बेच दी। बेहतर प्रशिक्षण के लिए वह वैभव को समस्तीपुर से पटना तक लेकर जाते रहे।

बेटे की उपलब्धि पर गदगद पिता, बोले- वैभव पर मुझे नाज है

‘टाइम’ की प्रतिष्ठित सूची में बेटे का नाम शामिल होने से पिता संजीव सूर्यवंशी बेहद खुश हैं।उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वैभव की इस उपलब्धि पर उन्हें बहुत गर्व है और उन्हें अपने बेटे पर नाज है। उनके लिए यह सम्मान वर्षों की मेहनत, संघर्ष और परिवार के त्याग का सुखद परिणाम है। जिस बेटे को क्रिकेट की शुरुआती बारीकियां सिखाने के लिए उन्होंने मैदान तक पहुंचाया, आज उसकी प्रतिभा को दुनिया के प्रतिष्ठित मंच पर पहचान मिल रही है।

परिवार के अन्य सदस्य भी इस उपलब्धि से उत्साहित हैं। वैभव की मां आरती सिंह, भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी और चाचा राजीव सूर्यवंशी सहित परिवार के लोगों ने खुशी जाहिर की है। परिवार के लिए यह गौरव का क्षण है कि ताजपुर से निकला उनका बेटा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार की पहचान बन रहा है।

पढ़ें :- मंदिर दर्शन पर फतवे और ट्रोलिंग पर सारा अली खान का मौलाना को करारा जवाब, बोलीं- 'मैं महाकाल और अजमेर शरीफ भी जाऊंगी ', लोग जो चाहे कहें

15 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और कप्तानी का रिकॉर्ड

वैभव का सफर आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट तक सीमित नहीं रहा। जुलाई 2026 में भारतीय टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में पदार्पण कर उन्होंने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। 15 साल और 99 दिन की उम्र में वह भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के सबसे कम उम्र के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बने। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने सचिन तेंदुलकर का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।

इसके बाद 14 नवंबर 2026 को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार की कप्तानी संभालकर उन्होंने पुरुष टी-20 क्रिकेट इतिहास में सबसे कम उम्र के कप्तान बनने का रिकॉर्ड बनाया। 15 साल और 232 दिन की उम्र में बिहार की टीम की अगुआई कर उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक का रिकॉर्ड तोड़ा। इतनी कम उम्र में घरेलू क्रिकेट, आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलग-अलग मंचों पर अपनी पहचान बनाना उनकी उपलब्धियों को और खास बनाता है।

आलिया, आर्यन और कई चर्चित हस्तियों के साथ सूची में नाम

‘टाइम’ के पहले संस्करण ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ सूची में वैभव के अलावा मनोरंजन जगत से आलिया भट्ट, आर्यन खान और दिलजीत दोसांझ जैसे नाम शामिल हैं। खेल जगत से हरमनप्रीत कौर, लवलीना बोरगोहेन और सानिया मिर्जा को जगह मिली है। कारोबार और तकनीक के क्षेत्र से पीयूष बंसल, अलबिंदर सिंह ढींडसा, तरुण मेहता और राधिका गुप्ता जैसे चेहरे भी इस सूची का हिस्सा हैं। विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र से शुभांशु शुक्ला को भी शामिल किया गया है। ‘टाइम’ ने इस सूची में ऐसे 100 लोगों को जगह दी है, जो अपने-अपने क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं और भविष्य को प्रभावित करने की क्षमता रखते हैं।

इसका पहला अंतरराष्ट्रीय संस्करण रिलायंस की साझेदारी में जारी किया गया है। 12 दिसंबर को मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में ‘टाइम 100 नेक्स्ट इंडिया’ का विशेष गाला आयोजित किया जाएगा। समस्तीपुर के ताजपुर से निकलकर दुनिया के प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचने वाले वैभव सूर्यवंशी की यह उपलब्धि जिले के साथ पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है। उनकी कहानी उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो छोटे शहरों और गांवों में रहकर बड़े सपने देखते हैं। वैभव ने अपनी बल्लेबाजी से यह दिखाया है कि प्रतिभा को अवसर मिले तो सफलता की राह में जगह और उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

पढ़ें :- IND vs NZ Live : दूसरे टी20 में भारत पहले करेगा गेंदबाजी, वैभव सूर्यवंशी नंबर-3 पर करेंगे बल्लेबाजी
Advertisement