लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) के लिए नया अत्याधुनिक हेलीकॉप्टर सेवा में शामिल किया गया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षित हवाई यात्रा के लिए इटली की कंपनी लियोनार्डो का अत्याधुनिक अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलीकॉप्टर खरीद लिया है। अब यह सरकारी उपयोग में शामिल हो चुका है। करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक कीमत वाला यह डबल इंजन हेलीकॉप्टर दुनिया के सबसे सुरक्षित वीवीआईपी हेलीकॉप्टरों में माना जाता है। इसे खासतौर पर मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी मूवमेंट के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
पढ़ें :- बाराबंकी में उफनाई सरयू नदी में मस्जिद का बड़ा हिस्सा समाया, अब बाबा नारायण दास धाम पर खतरा, सीएम योगी ने दिए ये निर्देश
यह हेलीकॉप्टर खराब मौसम और रात में भी सुरक्षित उड़ान भरने में सक्षम है। इसमें उन्नत एवियोनिक्स, क्रैश-सेफ्टी सिस्टम और बुलेटप्रूफ सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे वीवीआईपी यात्रा और अधिक सुरक्षित हो सकेगी। AW139 हेलीकॉप्टर एक बार में 12 से 15 लोगों को ले जाने की क्षमता रखता है और इसकी तेज रफ्तार व हाई-टेक नेविगेशन सिस्टम इसे अपने वर्ग के सबसे भरोसेमंद हेलीकॉप्टरों में शामिल करते हैं। आपको बताते हैं कि अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलिकॉप्टर 310 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है। यह खराब मौसम और रात में भी उड़ान भरने में सक्षम है। इमरजेंसी की हालत में भी इस हेलिकॉप्टर का बखूबी प्रयोग किया जा सकता है।
डबल इंजन सुविधा से है लैस
अगस्ता वेस्टलैंड AW139 हेलीकॉप्टर में डबल इंजन है। इमरजेंसी की स्थिति में दूसरे इंजन का प्रयोग किया जा सकता है। इस हेलिकॉप्टर में क्रैश सेफ्टी सिस्टम, डिजिटल ग्लास कॉकपिट और साउंडप्रूफ केबिन जैसी सुविधाएं शामिल हैं जो इसे बेजोड़ बनाती हैं।
कीमत है 1 अरब
पढ़ें :- पीएम मोदी से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, यूपी विधानसभा चुनाव से पहले इस मुलाकात ने बढ़ाई हलचल
इस वीवीआई हेलिकॉप्टर की कीमत करीब 1 अरब रुपये बताई जा रही है। इसको दो पायलट उड़ाते हैं। अगस्ता वेस्टलैंड AW139 को अब लियोनार्डो AW139 के नाम से जाना जाता है। यह एक मध्यम आकार का दो इंजन वाला हेलीकॉप्टर है, जिसे इतालवी हेलीकॉप्टर निर्माता कंपनी अगस्ता वेस्टलैंड ने विकसित और निर्मित किया है, जो अब लियोनार्डो कंपनी का हिस्सा है।
ट्रेनिंग लेने तीन पायलट गए थे इटली
आपको बता दें कि राज्य सरकार ने इस हेलिकॉप्टर के तकनीकी पहलुओं को समझने के लिए अपने तीन पायलटों को प्रशिक्षण के लिए पिछले साल इटली भेजा था। प्रशिक्षण के दौरान इन पायलटों को इंस्ट्रमेंट ट्रेनिंग और क्रिटिकल इमरजेंसी ट्रेनिंग दी गई।