लखनऊ, पर्दाफाश : अखिलेश यादव ने गुरुवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “वह धुरंधर से भी बड़े धुरंधर हैं” और आरोप लगाया कि उनकी विधायक पूजा पाल को गुमराह कर लिया गया। उन्होंने कहा कि आखिर इसकी एफआईआर कहां दर्ज कराई जाए। अखिलेश यादव ने कहा कि पूजा पाल को पहले इसलिए नहीं निकाला गया क्योंकि वह महिला थीं, लेकिन बाद में मजबूरी में पार्टी से बाहर करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि ऐसे बयान इसलिए दिए जा रहे हैं ताकि कहीं से टिकट मिल सके। सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री के अंग्रेजी ट्वीट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह ट्वीट खुद नहीं लिखा गया, बल्कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए किया गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग एआई का फुल फॉर्म नहीं जानते, वे पीडीए का मतलब और उसका दर्द क्या समझेंगे।
पढ़ें :- “75 नहीं, 175 साल तक आरक्षण ले लो, हमें नहीं चाहिए”, संविधान 242 सांसदों ने मिलकर बनाया था : बृजभूषण शरण सिंह
उन्होंने सरकार द्वारा किए गए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि इनमें वित्तीय आधार नहीं है। उनकी मांग है कि अब तक हुए सभी एमओयू की जांच कराई जाए, क्योंकि ये जनता को गुमराह करने के लिए किए गए हैं। भाजपा पर हमला जारी रखते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पहले एक ही प्रोपेगेंडा मंत्री होता था, लेकिन अब केंद्र और प्रदेश में सभी मंत्री यही काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दूसरों की छवि खराब करने के लिए बड़े पैमाने पर पैसा खर्च करती है।
महंगाई और गैस सिलेंडर के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लोग लाइन में लगने को मजबूर हैं और सिलेंडर का वजन भी घटा दिया गया है। उन्होंने तंज में कहा कि उन्होंने अपने घर में मिट्टी के चूल्हे बनवा लिए हैं और जरूरत पड़ी तो सभी को ऐसा करना पड़ेगा। संसद में ड्रेस कोड के मुद्दे पर भी उन्होंने टिप्पणी की और कहा कि क्या नेकर पहनकर संसद जाना होगा। अगर सभी भाजपा नेता नेकर पहनकर आएंगे तो वे भी ऐसा करने को तैयार हैं।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने घोषणा की कि लखनऊ के रिवर फ्रंट पर सम्राट अशोक की मूर्ति लगाई जाएगी और उन्हें सोने के सिंहासन पर बैठाया जाएगा। अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि जैसे-जैसे जनता की पीड़ा बढ़ेगी, वैसे-वैसे पीडीए मजबूत होता जाएगा और समाजवादी लोग इसे आगे बढ़ाते रहेंगे।