Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. ‘E20 से गाड़ियों को नुकसान’ वाले वी. अनंत नागेश्वरन के लेख पर अखिलेश का तंज, पूछा- कौन है सही : सरकार या सलाहकार?

‘E20 से गाड़ियों को नुकसान’ वाले वी. अनंत नागेश्वरन के लेख पर अखिलेश का तंज, पूछा- कौन है सही : सरकार या सलाहकार?

By Abhimanyu 
Updated Date

E20 Petrol Controversy : देश में E20 पेट्रोल की बिक्री को लेकर साझा विपक्ष, मोदी सरकार पर हमलावर है। उनका आरोप है कि सरकार इसके जरिये चुनिंदा उद्योगपतियों और डिस्टिलरीज को फायदा पहुंचा रही है। वहीं, सरकार का कहना है कि E20 पेट्रोल से गाड़ियों को किसी भी प्रकार नुकसान नहीं हो रहा है। इस बीच, भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंत नागेश्वरन के लेख ने नई बहस छेड़ दी है। जिसको लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है।

पढ़ें :- Viral-BJP सांसद जनार्दन मिश्रा, बोले-पेट्रोल में 20 फीसदी एथेनॉल मिलाने पर हो रहा आंदोलन, शुद्ध पेट्रोल तुम्हारे बाप के घर से आएगा

दरअसल, एक अंग्रेजी अखबार में छपे लेख में वी. अनंत नागेश्वरन और उनके साथी लेखक आकाश पुजारी ने पुरानी गाड़ियों के मालिकों को ई10 खरीदने का विकल्प दिये जाने पर ज़ोर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि देश में लगभग 7.5 से 8 करोड़ दो-पहिया वाहन हैं जो E10 पेट्रोल के लिए बने हैं। इनमें से कई वाहन ज्यादा एथनॉल वाले मिश्रण यानी E20 पर चलने के लिए नहीं बनाए गए थे। लेख में दावा किया गया है कि E20 पेट्रोल का मामला सिर्फ माइलेज का नहीं है। इससे पुराने इंजन में कम्पैटिबिलिटी की दिक्कत आ सकती हैं क्योंकि एथनॉल रबर सील और फ्यूल-सिस्टम के पार्ट्स जैसे हिस्सों पर असर डाल सकता है। कार्बोरेटर वाले वाहनों को भी ज्यादा एथनॉल (E10 से ज्यादा) वाले मिश्रण के साथ चलने में दिक्कत हो सकती है।

अखिलेश यादव ने सरकार पर साधा निशाना

वी. अनंत नागेश्वरन के लेख पर अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा है, क्योंकि सरकार E20 पेट्रोल से गाड़ियों को नुकसान के दावों को खारिज करती रही है। उन्होंने बुधवार को एक्स पोस्ट में लिखा, “कौन है सही : सरकार या सलाहकार? E20 से ख़राब हुई गाड़ियों को खींचकर ले जानेवाले बाइक-कारवाले पूछ रहे हैं, एक तरफ़ तो सरकार कह रही है ‘E20 में सब ठीक है’; दूसरी तरफ़ सलाहकार कह रहे हैं ‘E20 गाड़ियों के लिए नुक़सानदेह है’, तो ये स्पष्ट कौन करेगा सही क्या है। अरे बात-बात में सर्वे करानेवाली भाजपा सरकार, E20 के परिणाम भुगत रही आम जनता से सीधे संवाद करके क्यों नहीं पूछ लेती की सच क्या है। E20 दुधारी तलवार है, जिसकी जनता पर दोहरी मार है : महंगा पेट्रोल भी और महंगी मेनटेनेंस भी।”

पढ़ें :- E20 का इस्तेमाल किया जा सकता है या नहीं? इसको लेकर पहले ऑटोमोबाइल कंपनियां दें प्रमाण पत्र : सपा MP डिंपल यादव
Advertisement