अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) ने राम जन्मभूमि परिसर (Ram Janmabhoomi Complex) के उप मंदिरों में दर्शन के लिए सामान्य दर्शन पास व्यवस्था समाप्त कर दी है। एक सितंबर और उसके बाद की तिथियों के लिए ऑनलाइन बुकिंग बंद (Online Booking Discontinued) कर दी गई है। श्रद्धालु अब बिना किसी पास के इन मंदिरों में दर्शन कर सकेंगे।
पढ़ें :- पूर्व IPS राजेश पांडेय का राममंदिर CEO बनना लगभग तय, शरद शर्मा बनाए जा सकते हैं प्रवक्ता
यह निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि मई माह से ही बिना पास के दर्शन की सुविधा उपलब्ध है। राम जन्मभूमि परिसर में सभी मंदिरों का निर्माण पूरा होने के बाद 13 अप्रैल से दर्शन शुरू हुए थे। शुरुआती चरण में सुगम, विशिष्ट और सामान्य पास के आधार पर दर्शन की व्यवस्था थी। सामान्य पास की शुरुआत 10 अप्रैल से हुई थी और यह केवल ऑनलाइन उपलब्ध था।
मई में श्रद्धालुओं की संख्या कम होने पर बिना पास के दर्शन की अनुमति दी गई थी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 31 अगस्त तक सामान्य पास की बुकिंग जारी रखी थी। अब इसकी आवश्यकता नहीं है। सुगम दर्शन और आरती पास की बुकिंग फिलहाल जारी रहेगी। ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन से इस संबंध में संपर्क नहीं हो सका।