Bihar Election Result: बिहार में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि, ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास…बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम NDA के लोग, हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए आज बिहार ने बता दिया है—फिर एक बाद NDA सरकार।
पढ़ें :- आज हमारे पास दुनिया का बहुत ही महत्वपूर्ण युवा टैलेंट पुल, जिसके पास है सपने, संकल्प और सामर्थ्य : पीएम मोदी
उन्होंने आगे कहा, बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।
साथ ही कहा, आज बिहार, देश के उन राज्यों में है, जहां सबसे ज्यादा युवाओं की संख्या है, और इनमें हर धर्म और हर जाति के युवा शामिल हैं। उनकी इच्छा, उनकी आकांक्षा और उनके सपनों ने जंगलराज वाले पुराने और सांप्रदायिक MY Formula को ध्वस्त कर दिया है। मैं आज बिहार के युवाओं का विशेष रूप से अभिनंदन करता हूं।
बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, ‘मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण को जबरदस्त तरीके से सपोर्ट किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके।
पीएम मोदी ने आगे कहा, बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, ‘झूठ हारता है-जनविश्वास जीतता है’। बिहार ने डंके की चोट पर कह दिया है, जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी।
पढ़ें :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बीच राज्यसभा से विपक्षी सांसदों का वॉकआउट
नई सरकार के साथ एनडीए अब बिहार में 25 वर्षों की स्वर्णिम यात्रा की ओर आगे बढ़ रहा है। बिहार ने ये सुनिश्चित किया है कि बिहार की महान भूमि पर फिर कभी जंगलराज की वापसी नहीं होने वाली है। आज की ये जीत बिहार के उन बहनों, बेटियों की है, जिन्होंने आरजेडी के राज में जंगलराज का आतंक झेला है। ये जीत, बिहार के उस नौजवान की है, जिसके भविष्य को कांग्रेस और लाल झंडे वालों के आतंक के कारण बर्बाद किया गया। आज के ये परिणाम, वंशवाद की राजनीति के खिलाफ, विकासवाद की राजनीति को दिया जनादेश है।