Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. अपराध
  3. कानपुर के एलिम्को में CBI का छापा, व्हीलचेयर सप्लाई में करोड़ों की कमीशनखोरी का आरोप, जांच तेज

कानपुर के एलिम्को में CBI का छापा, व्हीलचेयर सप्लाई में करोड़ों की कमीशनखोरी का आरोप, जांच तेज

By Sushil Sah 
Updated Date

उत्तर प्रदेश। कानपुर में दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण बनाने वाली सरकारी संस्था एलिम्को (ALIMCO) में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की छापेमारी की खबर सामने आई है। बीते शुक्रवार को सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम संस्थान पहुंची और दोपहर से देर शाम तक विभिन्न दस्तावेजों और फाइलों की जांच करती रही। इस जांच के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई।

पढ़ें :- राष्ट्रीय दुग्ध दिवस पर गोरखपुर में बड़ा मंथन, देसी नस्लों से बदलेगी पशुपालकों की किस्मत, पांच गोशालाएं सम्मानित

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य सरकारों को व्हीलचेयर की आपूर्ति में कथित कमीशनखोरी और एक ही कंपनी को बार-बार ठेके दिए जाने की शिकायतों के आधार पर यह जांंच की जा रही है। सीबीआई टीम ने कई अहम दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराई और उन्हें अपने साथ ले गई। इस जांच की प्रक्रिया रात करीब 8:30 बजे रात तक चली।

क्या है पूरा मामला?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मसवानपुर निवासी सुकांत कुमार ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 22 दिसंबर 2023 को ओडिशा में व्हीलचेयर की आपूर्ति के लिए 34.53 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जिसमें डीलर को कथित तौर पर 4.14 करोड़ रुपये कमीशन दिया गया।

ठीक इसी तरह गुजरात सरकार को 11 फरवरी 2026 को 22.95 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर की आपूर्ति में 2.80 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने का आरोप है। इसके अलावा गुजरात सरकार को ही 23 मार्च 2026 को 13.12 करोड़ रुपये की व्हीलचेयर आपूर्ति पर 1.58 करोड़ रुपये कमीशन दिए जाने की शिकायत की गई है। इतना ही नहीं इस शिकायत में डीलर को 12 प्रतिशत कमीशन देने और एक ही कंपनी को अधिकतर ठेके दिए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं।

पढ़ें :- यूपी के पीलीभीत में वोटर लिस्ट घोटाले का खुलासा, 10,470 मतदाताओं के रिकॉर्ड में गड़बड़ी, दो SDM निलंबित, कंप्यूटर ऑपरेटर बर्खास्त

ALIMCO प्रबंधन ने क्या कहा?

रिर्पोटों के मुताबिक, इस संस्थान के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक प्रवीण कुमार ने बताया कि सीबीआई की टीम एलिम्को आई थी। उन्होंने संस्थान की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बताते हुए कहा कि डीलरों से भी नियम के मुताबिक काम कराया जाता है। वहीं, एलिम्को के जनरल मैनेजर एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी अतुल रुस्तगी ने कहा कि सीबीआई की टीम सामान्य पूछताछ के लिए आई थी। उन्हें इस मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है।

फिलहाल सीबीआई की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों से ही स्पष्ट हो पाएगा कि व्हीलचेयर आपूर्ति में कमीशनखोरी और ठेकों में अनियमितताओं के आरोपों में कितनी सच्चाई है।

Advertisement