पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: नेपाल में पेट्रोल-डीजल के दामों में हालिया बढ़ोतरी के बाद सीमावर्ती इलाकों में नया रुझान उभरकर सामने आया है। महंगे ईंधन से परेशान नेपाली नागरिक अब सस्ते विकल्प की तलाश में बड़ी संख्या में भारत के पेट्रोल पंपों की ओर रुख कर रहे हैं।
पढ़ें :- अखिलेश ने ब्रजेश पाठक का नाम लिए बगैर, बोले- इनका मंत्रालय कौन सा है, इन्हें ये भी याद नहीं होगा तभी वो बीमार-सा पड़ा है
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल में पेट्रोल की कीमत 216.50 नेपाली रुपये प्रति लीटर और डीजल 204.50 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। इसके विपरीत भारत में पेट्रोल करीब 96 रुपये और डीजल लगभग 90 रुपये प्रति लीटर उपलब्ध है। इस प्रकार दोनों देशों के बीच पेट्रोल में करीब 40 रुपये और डीजल में लगभग 45 रुपये प्रति लीटर का अंतर देखने को मिल रहा है, जो नेपाली उपभोक्ताओं को आकर्षित कर रहा है।
इसी मूल्य अंतर के चलते सोनौली बॉर्डर समेत अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में नेपाली वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। दोपहिया, चारपहिया और व्यावसायिक वाहन बड़ी संख्या में सीमा पार कर भारत में ईंधन भरवा रहे हैं।
स्थानीय पेट्रोल पंप संचालकों के मुताबिक, बीते कुछ दिनों में नेपाली ग्राहकों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग भारत आकर सस्ते दाम पर पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे उनका खर्च कम हो रहा है।
हालांकि, इस बढ़ती भीड़ का असर स्थानीय भारतीय उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है। उन्हें पेट्रोल पंपों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। जानकारों का मानना है कि जब तक नेपाल में ईंधन की कीमतें ऊंची बनी रहेंगी, तब तक सीमा पार ईंधन खरीद का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
पढ़ें :- संजय सिंह , बोले-मतदाता सूची में गड़बड़ी लोकतंत्र के लिए खतरा, यूपी की ढाई प्रतिशत महिला मतदाता कहां चली गईं?