IPL 2026 Update : आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले ही कई टीमों को बड़े झटके लगे हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। 31 साल के एलिस को फ्रेंचाइजी ने 2025 के मेगा ऑक्शन में 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहले वह चार सीजन तक पंजाब किंग्स के लिए खेल चुके हैं और IPL में 17 मैचों में 19 विकेट ले चुके हैं। फिलहाल सीएसके ने उनके रिप्लेसमेंट को लेकर कोई फैसला नहीं किया है।
पढ़ें :- टीम इंडिया करेगी आयरलैंड का दौरा, दोनों टीमों के बीच खेली जाएगी व्हाइट बॉल सीरीज
वहीं राजस्थान रॉयल्स को भी बड़ा झटका लगा है। टीम के स्टार ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन इंजरी के कारण पूरे सीजन से बाहर हो सकते हैं। 27 साल के करन इस बार पहली बार राजस्थान के लिए खेलने वाले थे, लेकिन चोट के चलते उनका खेलना मुश्किल लग रहा है। फ्रेंचाइजी ने अभी तक उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं किया है।
बता दें कि सैम करन को राजस्थान ने पिछले साल नवंबर में चेन्नई से ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया था। इस बड़े ट्रेड में रवींद्र जडेजा भी राजस्थान में गए थे, जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को चेन्नई ने अपने साथ जोड़ा था।
इधर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्यूसन IPL के शुरुआती मैच मिस करेंगे। हाल ही में पिता बने फर्ग्यूसन ने परिवार को प्राथमिकता देते हुए कुछ हफ्तों का ब्रेक लेने का फैसला किया है। फर्ग्यूसन ने ऑकलैंड में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे T20 मैच से पहले कहा कि वह कुछ हफ्तों का ब्रेक लेंगे। फिर IPL के दूसरे फेज में पंजाब किंग्स से जुड़ सकते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में पंजाब किंग्स ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस को मौका दे सकती है। टीम के पास अर्शदीप सिंह, मार्को यानसन, जेवियर बार्टलेट, यश ठाकुर, विशाख विजयकुमार और मार्कस स्टोइनिस जैसे विकल्प भी मौजूद हैं।
आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और सनराइजर्स हैदराबाद के मुकाबले से होगी। वहीं ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली चेन्नई और रियान पराग की अगुवाई वाली राजस्थान की टीमें 30 मार्च को गुवाहाटी में आमने-सामने होंगी।
रिपोर्ट: हर्ष गौतम