Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पंजाब में फिर ईडी की दस्तक, मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर रेड, सीएम बोले पंजाब औरंगजेब के सामने नहीं झुका, ये जो भाजपा है

पंजाब में फिर ईडी की दस्तक, मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर रेड, सीएम बोले पंजाब औरंगजेब के सामने नहीं झुका, ये जो भाजपा है

By हर्ष गौतम 
Updated Date

चंडीगढ़: पंजाब की राजनीति में शनिवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई, जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने पंजाब सरकार के मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित आवास पर छापा मारा। सेक्टर-2 स्थित सरकारी आवास पर सुबह करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंची टीम ने कई घंटों तक जांच की। यह पिछले एक महीने में मंत्री संजीव अरोड़ा से जुड़ी दूसरी बड़ी ईडी कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले भी एजेंसी उनके लुधियाना स्थित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

पढ़ें :- 13 साल कोमा में रहने के बाद हरीश राणा का निधन, सुप्रीम कोर्ट की अनुमति से इच्छामृत्यु का था पहला मामला

मुख्यमंत्री भगवंत मान का भाजपा पर हमला

ईडी रेड के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि आज फिर BJP की ED संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब BJP की ED उनके घर आई है, और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है; औरंगज़ेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया; इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। पंजाब,ED और BJP के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।

“चुनाव आते ही एजेंसियों का इस्तेमाल करती है भाजपा”

संगरूर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान भगवंत मान ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव नजदीक आते ही जांच एजेंसियों और नोटिसों का सहारा लेने लगती है। उन्होंने कहा कि ईडी की रेड, मानहानि के नोटिस और राजनीतिक दबाव बनाना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं है और पंजाब के लोग इस तरह की राजनीति का जवाब देना जानते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप भी लगाया।

भगवंत मान ने आगे कहा कि पंजाब हमेशा भाईचारे और सौहार्द की मिसाल रहा है। उन्होंने कहा कि यहां की मिट्टी में हर तरह की फसल उग सकती है, लेकिन नफरत की राजनीति की पैदावार कभी नहीं हो सकती। उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां चुनावी माहौल के बीच हिंसा और तनाव की खबरें सामने आ रही हैं, लेकिन पंजाब शांति और सामाजिक एकता के रास्ते पर आगे बढ़ेगा।

दो दिन पहले मोहाली में भी हुई थी कार्रवाई

पढ़ें :- पटियाला लॉ यूनिवर्सिटी के नाम से 'राजीव गांधी' शब्द हटाने का फैसला, कांग्रेस का रिएक्शन आया सामने

गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी ने मोहाली और चंडीगढ़ में करीब 12 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। मोहाली के छज्जू माजरा स्थित वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आईटी कारोबारी नितिन के फ्लैट पर भी रेड हुई थी। सूत्रों के मुताबिक नितिन को मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े एक करीबी व्यक्ति का सहयोगी बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है। उस समय भी मुख्यमंत्री ने कहा था कि उनकी सरकार का इन कार्रवाइयों से कोई संबंध नहीं है।

लगातार हो रही ईडी कार्रवाई के बाद पंजाब में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो चुका है। भाजपा इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई बता रही है, जबकि आम आदमी पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक हथियार की तरह कर रही है। अब सबकी नजर ईडी जांच के अगले कदम पर टिकी है, क्योंकि आने वाले दिनों में यह मामला पंजाब की राजनीति में और बड़ा मुद्दा बन सकता है।

Advertisement